– अंग्रेजी शराब की करीब 12 पेटी और बीयर कैन के साथ प्रधान प्रतिनिधि व उसके भाई को पुलिस ने पकड़ा था
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कोतवाली सदर में शुक्रवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब अवैध शराब के साथ पकड़कर लाया गया ग्राम बिरारी प्रधान प्रतिनिधि शौचक्रिया के बहाने जाकर पुलिस की हिरासत से भागने लगा। हालांकि पुलिस ने उसे कोतवाली परिसर से पकड़ लिया और हवालात में बैठा लिया। प्रधान प्रतिनिधि व उसके भाई को पुलिस एक दर्जन के करीब अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर की पेटियों संग पकड़कर कोतवाली लेकर आई थी।
शुक्रवार की दोपहर कोतवाली सदर पुलिस ने सूचना पर ग्राम बिरारी में एक घर में अवैध शराब की पेटी रखे होने की सूचना पर छापामार कार्रवाई की। जिसमें पुलिस को मौके से करीब 12 पेटी अंग्रेजी शराब की जोकि विभिन्न कंपनियों की थी और तीन से चार दर्जन बीयर के कैन बरामद किए। पुलिस टीम ने मौके से ग्राम प्रधान प्रतिनिधि देवेंद्र कुशवाहा व उसके भाई सुरेंद्र कुशवाहा को हिरासत में लिया और कोतवाली लेकर पहुंचे। यहां पुलिस ने उसे सुरक्षा में बैठा दिया। इस दौरान देवेंद्र कुशवाहा ने शौचक्रिया जाने के बहाने से कोतवाली से पीछे की ओर भाग गया। पुलिस सुरक्षा से आरोपी के भाग जाने पर कोतवाली में हड़कंप मच गया और भाग रहे देवेंद्र के पीछे पुलिस कर्मी दौड़ पड़े। इससे पहले कि देवेंद्र कोतवाली परिसर से बाहर निकल पाता पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। इसके बाद पुलिस ने भागने वाले देवेंद्र कुशवाहा को हवालात में बैठा दिया। इसके साथ आरोपी पर कड़ी नजर रखने के लिए पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए। वहीं कोतवाली पुलिस अवैध शराब के साथ पकड़े गए दोनों आरोपी भाइयों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
दस दिन पूर्व ही जेल से जमानत पर छूटकर आए थे बाहर
ग्राम बिरारी प्रधान प्रतिनिधि देवेंद्र कुशवाहा और उसका भाई सुरेंद्र कुशवाहा सहित अन्य आरोपियों पर 13 मई को कोतवाली पुलिस ने डकैती सहित एकराय होकर हमला करने और प्लाट पर कब्जा करने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। जिसमें पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। करीब दस दिन पूर्व ही देवेंद्र कुशवाहा और उसका भाई सुरेंद्र कुशवाहा जेल से जमानत पर बाहर निकल कर आए थे।
अवैध शराब के साथ बिरारी प्रधान प्रतिनिधि को उसके भाई सहित पकड़ा गया था। यहां देवेंद्र ने शौचक्रिया के बहाने से उसने भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
हरीशंकर चंद, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक
