अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। देवगढ़ को रोडवेज बस सेवा से जोड़ने की कवायद शुरू हो गई है। देवगढ़ महोत्सव से पहले प्रदेश सरकार के कई विभागों ने अपनी तैयारियों पर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत रोडवेज विभाग देवगढ़ तक कनेक्टिविटी की संभावना तलाशते हुए इस स्थान को रोडवेज बस सेवा से जोड़ने की तैयारी कर रहा है।
वर्तमान में झांसी से ललितपुर के बीच चलने वाली रोडवेज की दो बसों के रूट को विस्तार देकर देवगढ़ तक चलाने की संभावना पर रोडवेज विभाग विचार कर रहा है। यदि बसों के रूट विस्तार की अनुमति मिल जाती है तो रोडवेज इस रूट पर बस सेवा की शुरुआत कर देगा और देवगढ़ सीधे झांसी और ललितपुर से कनेक्ट हो जाएगा। ललितपुर मुख्यालय से लगभग 35 किमी की दूरी पर स्थित देवगढ़ एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है, जहां प्राचीन काल के कई हिंदू व जैन मंदिर स्थित हैं।
राज्य सड़क परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि झांसी से ललितपुर के बीच दो अप और दो डाउन का परमिट रोडवेज विभाग के पास है। इस संबंध में डीएम ललितपुर के साथ एक बैठक होनी है। झांसी से ललितपुर के बीच चलने वाली बस को देवगढ़ तक कनेक्ट कराने के लिए ललितपुर से देवगढ़ की परमिट हम अप्लाई करने जा रहे हैं। परमिट मिल जाने के बाद इस बस सेवा के माध्यम से देवगढ़ को जोड़ देंगे, जिससे यहां आने-जाने वाले लोगों को सुविधा होगी।
