ललितपुर। शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है। अभी पुलिस वैन ह्यूसेन शोरूम की दीवार में सेंध लगाकर चोरी की घटना की सही तरीके से जांच भी नहीं कर पाई थी कि सक्रिय चोरों ने जनपद में सहारा कंपनी के मैनेजरके सूने घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। यहां अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब एक लाख रुपये कीमत के जेवरात और 15 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
शहर के मोहल्ला झांसीपुरा आंबेडकर निवासी केशवदास जोकि जनपद में सहारा कंपनी के मैनेजर पद पर हैं शुक्रवार की रात्रि अपने एक रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने परिवार सहित गए थे। जबकि घर के कमरों के दरवाजे पर ताला लगा गए थे। देर रात्रि करीब 12 से दो बजे के बीच चोरों ने उसके मकान के ताले तोड़े और चोरी की वारदात की। खट-पट होने की आवाज उसके मकान में रहने वाले किराएदार ने सुनी तो वह नीचे आया। तब चोर मौके से भाग गए। नीचे आने पर कमरों के ताले टूटे देखे तो इसकी सूचना केशवदास को दी। केशवदास ने सूचना देकर अपने भतीजे अरुण कुमार को मौके पर भेजा। डायल-112 को सूचना देकर मौके पर पहुंची। शनिवार की सुबह वह घर पहुंचा तो देखा कि कमरे का सामान अस्त व्यवस्त पड़ा था और अलमारी का ताला व लॉकर टूटा हुआ था। लॉकर में रखे करीब एक लाख रुपये के जेवरात और 15 हजार रुपये नकद चोर चोरी कर ले गए थे। पीड़ित गृहस्वामी ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
सूने मकान में चोरी होने की जानकारी मिलने पर पुलिस द्वारा घटनास्थल का मौका मुआयना करते हुए निरीक्षण किया गया। गृहस्वामी ने शिकायती पत्र दिया है। चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार काम कर रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
हरीशंकर चंद, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक
