ललितपुर। जिला सहकारी बैंक के चुनाव में भाजपा के रमेश सिंह लोधी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष श्रीकांत कुशवाहा निर्विरोध चुन लिए गए। चुनाव परिणाम घोषित होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोनों पदाधिकारियों को फूलमालाएं पहनाकर खुशी जताई।
भारतीय जनता पार्टी के कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी डॉ. अनिल यादव के निर्देशन, जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन और सदर विधायक रामरतन कुशवाहा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने जिला सहकारी बैंक के चुनाव में एकतरफा निर्विरोध विजय हासिल की। समय समाप्त होने तक जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद हेतु रमेश सिंह लोधी का एवं जिला सहकारी बैंक उपाध्यक्ष पद हेतु एक नाम श्रीकांत कुशवाहा का ही नामांकन हुआ। सिर्फ एक एक नाम आने और निर्धारित समय निकल जाने के बाद दोनों प्रत्याशियों को विजयी घोषित कर दिया गया। दोनों पदों पर पार्टी की जीत होने पर जिला कार्यालय पर खुशियां मनाई गई। कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को तिलक लगाकर मिठाई बांट कर खुशियां मनाई और विजयी प्रत्याशियों को फूलमालाओं से लाद दिया।
जिला सहकारी बैंक के नव निर्वाचित अध्यक्ष रमेश सिंह लोधी ने कहा कि सिर्फ एक मात्र भाजपा है जो निरंतर अपने कार्यकर्ताओं का ध्यान रखती है और उन्हें समयानुसार उचित दायित्व भी सौंपती है। सहकारी बैंक के जिला उपाध्यक्ष श्रीकांत कुशवाहा ने कहा कि यह मेरी नहीं बल्कि पार्टी के जिले के कुशल नेतृत्व और आम कार्यकर्ताओं की विजय है। जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन ने समस्त कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
