Spread the love


राजापुर (चित्रकूट)। कौशांबी को जोड़ने वाले यमुना नदी के पुल से बुधवार की सुबह परिजनों के साथ पैदल ससुराल जा रहे एक युवक नदी में छलांग लगा दी। इससे परिजनों में खलबली मच गई। दोनों जिले की पुलिस नाव से गोताखोरों की मदद से युवक की खोजबीन कर रही है।

हरियाणा प्रदेश के सोनीपत जिले के बिलान निवासी हरवीर (35) की ससुराल राजापुर क्षेत्र के रूपौली गांव में है। बुधवार को वह अपनी पत्नी रानीदेवी, दो बच्चे, अपने चचेरे भाई बहन के साथ ससुराल आ रहा था। उसकी पत्नी ने बताया कि वह सब बस से महेवा घाट कौशांबी के बस स्टैंड पर उतरे। इसके बाद पुल पार कर राजापुर पैदल आ रहे थे।

चित्रकूट के राजापुर थाना अंतर्गत रूपौली में उसका ससुराल है। जैसे ही आधे रास्ते पर पहुंचे तो अचानक उसका पति दौड़ता हुआ आगे बढ़ा और पुल की रेलिंग पर चढ़ गया। यह देखकर परिजनों ने चिल्लाकर नीचे उतरने के लिए कहा लेकिन उसने एकदम से नदी की ओर छलांग लगा दी।

पुल से गुजर रहे अन्य राहगीर भी ठहर गए और पुलिस सूचना दी। सूचना पर महेवा घाट कौशांबी थाना प्रभारी रोशन लाल व राजापुर थाना प्रभारी भास्कर मिश्रा मय फोर्स पहुंचे। पूरी जानकारी के बाद पुलिस टीमों ने नाव से गोताखोरों की मदद से नदी में कूदे हरवीर की तलाश शुरु की।

देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल सका है। दोनों थाने के प्रभारियों ने बताया कि इस घटना के पीछे कोई कारण तो होगा। परिजनों से कई बार पूछताछ की गई लेकिन कुछ पता नहीं लगा है। सीमा विवाद के चलते दो घंटे तक पूरा मामला उलझा रहा। परिजनों के अनुसार पहले उन्होंने राजापुर थाने में सूचना दी जिस पर बताया गया कि यह मामला महेवा घाट थाने का है।

पत्नी रानी ने बताया कि इसके बाद महेवा घाट थाने में सूचना दी तो कहा गया कि राजापुर चित्रकूट का मामला है। दोनों थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पहले काफी देर तक घटना स्थल किस थाना क्षेत्र का है इसे लेकर विचार चलता रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *