महिलाओं ने किया कर्मचारियों के चार पहिया वाहन पर पथराव, कर्मचारियों ने किया बंदूक से फायर
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। राजघाट बांध के मछली ठेकेदार के कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच बृहस्पतिवार की देर रात्रि झड़प हो गई। ग्रामीणों ने मछली ठेकेदार के कर्मचारियों के चार पहिया वाहन पर पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस पर कर्मचारियों ने बंदूक से हवाई फायर किया। दोनों पक्षों ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली अंतर्गत ग्राम बुढवार क्षेत्र में राजघाट बांध का भराव क्षेत्र है। बांध में मत्स्य आखेट का ठेका एक ठेकेदार के पास है। अवैध तरीके से बांध में मछली का आखेट रोकने के लिए ठेकेदार के कर्मचारी बांध के भराव क्षेत्र में भ्रमण करते रहते हैं। बृहस्पतिवार की रात्रि ठेकेदार के आधा दर्जन कर्मचारियों और ग्राम बुढवार के ग्रामीणों के बीच झगड़ा हो गया। यह झगड़ा इतना बढ़ा कि गांव की महिलाओं ने ठेकेदार के कर्मचारी जिस चार पहिया वाहन में आए थे उस पर पथराव कर दिया। जिससे उनका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने बंदूक से हवाई फायर किया। किसी प्रकार मामला शांत हुआ। ठेकेदार के कर्मचारियों ने एक शिकायती पत्र कोतवाली पुलिस को दिया। जिसमें बताया कि वह लोग बांध से मछली का अवैध शिकार रोकने के लिए भ्रमण कर रहे थे। ग्राम बुढवार के कुछ लोग उन्हें शिकार करते हुए मिले। जिनको उन्होंने पकड़ लिया था। इसका उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाया था। अभी वह लोग अपने चार पहिया वाहन से लौट रहे थे कि ग्राम बुढवार में करीब डेढ़ दर्जन लोगों ने उन्हें रोक लिया और वीडियो को डिलीट करने की बात करते हुए आक्रोशित हो गए थे। इतना ही नहीं आक्रोशित लोगों ने चार पहिया वाहन पर पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
वहीं ग्रामीणों ने भी पुलिस को एक शिकायती पत्र दिया। जिसमें उन्होंने बताया कि वह लोग अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान ठेकेदार के कर्मचारी आए और उनका जबरन वीडियो बनाकर मछली का अवैध शिकार करने की बात कहलवाने लगे। इतना ही नहीं जब उन्हों ने इसका विरोध किया तो ठेकेदार के कर्मचारियों ने हवाई फायरिंग कर दी। पुलिस ने दोनों शिकायती पत्रों में लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम बुढवार में मछली ठेकेदार के कर्मचारियों की ओर से शिकार करने वाले लोगों का वीडियो बनाने को लेकर झगड़ा हो गया था। जिसमें ठेकेदार के कर्मचारियों के चार पहिया वाहन पर महिलाओं ने पथराव कर तोड़फोड़ कर दी थी। अपने बचाव में कर्मचारियों ने लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर किया था। दोनों पक्षों ने शिकायती पत्र दिया है। जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। – अभय नारायण राय, क्षेत्राधिकारी, सदर
