Spread the love


कोतवाली अंतर्गत ग्राम बुढ़वार के राजघाट बांध भराव क्षेत्र में शुक्रवार रात हुई थी घटना

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। राजघाट बांध के भराव क्षेत्र में मछली के शिकार को लेकर ग्राम बुढ़वार में मछली ठेकेदार के कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प व फायरिंग होने के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

कोतवाली अंतर्गत ग्राम बुढ़वार निवासी सुनीता पत्नी रामबाबू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 जून को वह अपने खेत पर थी। तभी राजघाट चौकीदार सहित 14 लोग आए और गाली गलौज करते हुए राजघाट बांध से मछली पकड़ने की बात करने लगे। जब उसने मना किया तो आरोपियों ने धमकी दी और भरत यादव निवासी बड़ोर चंदेरी ने अपनी बंदूक निकालकर उसके व उसकी सास के साथ अभद्रता की।

इसी दौरान उसका भाई और गांव के अन्य लोग आ गए और विरोध किया तो संजय यादव निवासी ग्राम मड़वारी, बब्बू बुंदेला निवासी ग्राम टोरी चंदेरी, अजय ठाकुर निवासी ग्राम बारी चंदेरी, राजा बुंदेला निवासी ग्राम बसवां और उनके 6-7 साथी बंदूक की नोक पर वीडियो बनाने लगे। साथ में जो बात वह लोग कहें वही बोलने की बात करने लगे। जब उन्होंने कुछ नहीं बोला तो आरोपी भरत यादव ने बंदूक से फायर कर दिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन, आधार कार्ड लेकर चले गए। घटना की जानकारी उन्होंने गांव के लोगों को दी तो जैसे ही आरोपी उसके गांव से होकर निकले लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। तब आरोपी फायरिंग करते हुए अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। गांव वालों ने पुलिस को सूचना देकर बाइक और फायरिंग के दो खोखे पुलिस को सौंपे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं मछली ठेकेदार के कर्मचारी की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के रूदल यादव सहायक प्रभारी मत्स्य विभाग की तहरीर पर 8-9 आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

लाइसेंसी बंदूक को पुलिस ने लिया कब्जे में

मछली ठेेकेदार के कर्मचारियों द्वारा गांव में फायरिंग करने और गांव के लोगों द्वारा सबूत के तौर पर दो खोखे पुलिस को सौंपने के बाद कोतवाली पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मछली ठेकेदार के कर्मचारी की लाइसेंसी बंदूक को अपने कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *