
मारपीट प्रतीकात्मक
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
अलीगढ़ महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के तिकोना नगला में शनिवार रात घर के दरवाजे पर खड़े होकर गाली-गलौज के विवाद में तयेरे भाई-भतीजों ने राजमिस्त्री की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस दौरान बीचबचाव में राजमिस्त्री की पत्नी व पुत्रवधू भी जख्मी हुए हैं। खबर पर हरकत में आई पुलिस ने आनन-फानन कार्रवाई करते हुए गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। रविवार को दिन में पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। घायलों का उपचार जारी है।
नगला तिकोना के 45 वर्षीय चंद्रपाल सिंह पेशे से राजमिस्त्री थे। घर में बेटा, बहू व पत्नी के साथ रहते थे। शनिवार रात उनका तयेरा भाई छीतरमल घर के बाहर खड़े होकर गाली गलौज कर रहा था। दरवाजे पर आए चंद्रपाल ने उसे डपटते हुए गाली देने का विरोध किया। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया और कुछ ही देर में वहां लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि छीतरमल पक्ष ने अकेले चंद्रपाल को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। शोरशराबे पर पत्नी मोहरश्री व पुत्रवधू अनीता बीचबचाव में आए तो वह भी जख्मी हो गए।
मौके पर हंगामा व मारपीट होते देख किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को खबर दे दी। इस सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर तितर-बितर हो गए। घायलों को पुलिस ने तत्काल दीनदयाल संयुक्त अस्पताल पहुंचाया। जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। तडक़े चंद्रपाल को मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित कर दिया। इस खबर पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें शरीर में गंभीर चोट व सिर में गंभीर चोट से मौत होना स्पष्ट हुआ है।
इधर, चंद्रपाल के बेटे कालीचरन की तहरीर पर चार नामजदों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। छीतरमल, किन्ना और रक्षपाल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अभी गुड्डा फरार है। तीनों गिरफ्तार आरोपी जेल भेज दिए गए। सीओ तृतीय अशोक कुमार सिंह के अनुसार इन परिवारों में पहले से बंटवारे से जुड़ी खुन्नस चली आ रही है। रात में गाली गलौज का विरोध करने पर हुई मारपीट में जख्मी हुए चंद्रपाल की मौत हो गई। तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। एक फरार है।
