फॉलोअप
साल्वर गैंग के पांच और साथियों को पुलिस ने पकड़ा
जेल में बंद 15 साथियों से मिलाई करने बांदा आए थे पांच सदस्य
वीडीओ परीक्षा में 30 पर रिपोर्ट दर्ज, अब तक 20 साल्वर पकड़े गये
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। शहर के 16 परीक्षा केंद्रों में हुई वीडीओ की परीक्षा के दौरान 15 साल्वर के पकड़ कर जेल भेजे गए थे। इस मामले में रविवार को जेल में बंद साथियों से मिलाई करने आए साल्वर गैंग के पांच और सदस्यों को पुलिस ने मंडी समिति कालूकुआं पुलिस चौकी के पास से पकड़ लिया। सभी प्रयागराज और बिहार के रहने वाले बताए गए हैं। मामले में पुलिस ने 30 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पंचायत सचिव, ग्राम विकास अधिकारी व समाज कल्याण पर्यवेक्षक की परीक्षा शहर के 16 केंद्रों में 26 व 27 जून को हुई थी। पहले दिन अलग-अलग परीक्षा केंद्रों से पांच साल्वर और दूसरे दिन की परीक्षा में 10 साल्वर पकड़े गए थे। कोतवाली पुलिस ने पकड़े गए 15 साल्वर के अलावा जिन अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे, उनको मिलाकर 30 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद से पुलिस साल्वर गैंग की तलाश में जुटी है। एसपी अभिनदंन ने एसओजी, सर्विलांस, और नौ विवेचकों की टीम रैकेट से जुड़े सरगना व सदस्यों को पकड़ने में लगा रखीं हैं।
टीमें प्रयागराज, लखनऊ, बिहार समेत कई स्थानों पर छापेमारी भी कर रहीं हैं। इस बीच रविवार को जेल में बंद अपने साथियों से मिलाई करने आए गैंग के पांच और सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें दो बिहार और तीन प्रयागराज के रहने वाले हैं। कालू कुआं चौकी प्रभारी आरएल सरोज ने बताया कि पकड़े गए साल्वरों में मोहिद्दीनपुर (प्रयागराज) के चंद्रभान व राकेश कुमार, आवास विकास (प्रयागराज) के राजमूर्ति पटेल, बिशुनपुर (बिहार) के संतोष कुमार व फुटरी (बिहार) के कुणाल शामिल हैं। यह सभी जेल में बंद साल्वर साथियों से मिलाई करने आए हुए थे।
उधर, शहर कोतवाल मनोज शुक्ला ने बताया कि टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही और कामयाबी मिलने की उम्मीद है। सभी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सभी आरोपियों को जेल भेजा गया है।
