बांदा। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने मंगलवार को परिषदीय विद्यालयों का
निरीक्षण किया। अनुपस्थित शिक्षामित्र का वेतन रोकने व बच्चों की ओर से हिंदी व गणित के सवालों का सही उत्तर न देने पर शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है। गंदगी व साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं मिली।
डीएम ने मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय भिम्मा का पुरवा का निरीक्षण किया। यहां शिक्षामित्र सुनीता अनुपस्थित मिलीं। शिक्षामित्र का एक दिन का मानदेय रोकने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर नाराजगी जताई और सफाई सहित काॅपी-किताबों का रख-रखाव सही तरीके से करने के निर्देश दिए। विद्यालय में 45 बच्चों में 11 उपस्थित मिले।
प्रधानाध्यापक को बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति के निर्देश दिए। कहा कि सभी बच्चे निर्धारित ड्रेस में आएं। डीएम ने बच्चों से पहाड़े व हिंदी व गणित के सवाल पूछे। सही उत्तर न देने पर संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। विद्यालय के कक्षों में अंधेरा होने, हैंडपंप व सबमर्सिबल खराब होने व हैंडपंप के पास गंदगी मिलने पर प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्र में सामग्री न मिलने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी को कार्यकर्ता और सहायिका से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। ऐसी ही स्थिति प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय गुरेह में मिली। डीएम ने प्रधानाध्यापक शमीमजहां को निर्देश दिए कि आज ही कक्षाओं में रोशनी व हैंडवाशिंग यूनिट सही कराने सहित साफ-सफाई कराएं। कहा कि बच्चों का एमडीएम मानक के अनुरूप बनाया जाए। बीएसए को निर्देश दिए कि निरीक्षण के समय पाई गई खामियों को तीन दिन में ठीक कराकर अवगत कराएं।
