नरैनी। पैमाइश कराने के नाम पर लेखपाल की ओर से पांच हजार रुपये की मांग करने व शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर एसडीएम ने संज्ञान लेकर लेखपाल को निलंबित कर दिया है।
एसडीएम रमेश कुमार ने बताया कि तहसील क्षेत्र के बड़ोखर बुजुर्ग गांव में तैनात लेखपाल उपेंद्र कुमार की ओर से क्षेत्र में जनता के बीच बैठकर शराब पीने व भूमि की पैमाइश करने के लिए अपने मुंशी अतुलेश कुशवाहा के पास पांच हजार रुपये जमा किए जाने की बात कही गई है। इस प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया।
एसडीएम ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए लेखपाल को निलंबित कर दिया है। साथ ही यह आदेश दिया है कि लेखपाल राजस्व निरीक्षक कार्यालय में उपस्थित रहकर प्रतिदिन उपस्थिति के हस्ताक्षर करेंगे। ऐसा न करने पर जीवन निर्वाह भत्ते की धनराशि का आहरण नहीं किया जाएगा।
पेड़ गिरने से तीन बिजली पोल टूटे, आपूर्ति ठप
नरैनी। सोमवार की रात तेज हवा के साथ बारिश के कारण कबरे पुरवा में एक महुआ का पेड़ जड़ से उखडक़र गिर गया। पेड़ गिरने से बिजली के तीन खंभे टूट गए। इससे आसपास के एक दर्जन गांवों की बिजली ठप हो गई। ग्रामीणों ने नये खंभे लगवाकर आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है। संवाद
दीवार गिरने से युवती घायल
बबेरू। कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव में बारिश से कच्चे घर की दीवार ढहने से संगीता (20) मलबे में दब गई। परिजनों ने उसे निकालकर इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। संवाद
