ललितपुर। ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दबने से हुई तीन ग्रामीणों की मौत होने के बाद मंगलवार देर रात्रि तीनों शव का पोस्टमार्टम हुआ। जिसके बाद बुधवार की सुबह तीनों का अंतिम संस्कार गांव में किया गया। इस दौरान भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग जिला प्रशासन से की।
थाना बार अंतर्गत ग्राम टोड़ी के पास स्थित कचनौंदा नहर में मंगलवार की दोपहर नहर में ट्रैक्टर पलट जाने से उसके नीचे दबकर साधु यादव, गब्बर सिंह और श्रीराम पाल निवासी ग्राम टोड़ी की मौत हो जाने के बाद गांव में मातम छा गया था। तीनाें शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। यहां मंगलवार की देर रात्रि तीनों शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों ने किया था। जिला मुख्यालय से तीनों शव को ग्राम टोडी ले जाया गया। रात होने के बाद भी गांव के लोग शव वाहन का इंतजार करते रहे। जैसे शव वाहन गांव में पहुंचा तो गांव के लोगों की आंखें नम हो गई। वहीं मृतकों के घर की महिलाएं विलाप कर रहीं थीं।
बुधवार की सुबह गांव में स्थित शमशान घाट पर चाचा-भतीजे सहित पडोसी श्रीराम पाल की चिताएं ले जाए गई। यहां अर्थी पर रखे अपने भाई साधु व पुत्र गब्बर के शव को देखकर धूप सिंह ने कहा कि उसकी तो दुनिया ही लुट गई। जबकि श्रीराम पाल का पुत्र अपनी बहिनों की शादी के लिए घर देखने और घर परिवार कैसे चलेगा यह कहते हुए रो रहा था। इसके बाद तीनों शव को मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया गया। चाचा-भतीजे सहित तीन लोगों की चिताएं एक साथ जलती हुई देखकर गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गई। वहीं ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग जिला प्रशासन से की है।
कांग्रेस ने परिजनों को दस-दस लाख की मदद देने की रखी मांग
उड़द बुआई करने के लिए जाते समय नहर में ट्रैक्टर पलटने से हुई ग्राम टोडी निवासी तीन लोगों की मौत होने के बाद जनपद कांग्रेस पार्टी ने शासन व जिला प्रशासन से मृतकों के परिजनों को दस-दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
