संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
Updated Thu, 27 Jul 2023 01:20 AM IST
ललितपुर। खेत पर बने झोपड़े में सो रहा ग्रामीण पास में गिरी गाज की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। जबकि दो युवक गाज से आहत हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम अंधियारी निवासी बाबू (56) बुधवार की रात अपने खेत पर बने टपरे में सो रहे थे। जबकि वहीं आसपास के खेतों में बने झोपड़ों में युवक भी सो रहे थे। रात करीब 11 बजे पास में गाज गिरी। जिसकी चपेट में बाबू आ गया और उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे टपरों में सो रहे सूरज (23) और सेयंकी (18) गाज की चपेट में आने से आहत होकर बेहोश हो गए। ग्रामीणों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस ने बाबू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाई-दो बहन में छोटा था और उसके चार पुत्र व दो पुत्रियां हैं।
मवेशी बांधते समय गाज की चपेट में आई महिला
जाखलौन। थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम कचनोंदाघाट निवासी सुखवती (52) मंगलवार की रात हो रही बारिश से बचाने के लिए अपने मवेशियों को घर के अंदर आंगन से दूसरी जगह बांध रही थी। तभी उसके घर के पास ही गाज गिरी। जिससे वह आहत होकर मौके पर अचेत होकर गिर गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर लिया। संवाद
