ललितपुर। रेडीमेड व्यापारी के पुत्र का अपहरण करने का प्रयास करने वाले तीनों बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने तीनों बदमाशों के पास से तमंचा व छुरी बरामद की।
रेडीमेड कपड़ा व्यापारी सचिन जैन के घर में घुसकर उनके बेटे समर्थ जैन का अपहरण करने का प्रयास करने वाले तीनों बदमाश आनंद श्रीवास निवासी आजादपुरा, विनय बसोर, लालाराम बसोर निवासी ग्राम कल्यानपुरा को पुलिस ने मंगलवार को पकड़ लिया था। बदमाशों के कब्जे से दो तमंचा, चार कारतूस, चाकू और घटना में प्रयुक्त की गई बाइक को भी बरामद किया।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार अग्रवाल ने पुलिस लाइन में घटना का खुलासा करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने ने बताया कि पकड़ा गया एक बदमाश पूर्व में व्यापारी की दुकान पर काम करता था। तीनों बदमाशों की दोस्ती जेल में हुई थी। पुलिस ने तीनों बदमाशों को न्यायालय में पेश किया और जेल भेज दिया।
मालूम हो कि 22 जुलाई को शहर के मोहल्ला सरदारपुरा निवासी रेडीमेड कपड़ा व्यापारी सचिन जैन के घर में घुसकर दिन दहाड़े उसके 13 वर्षीय पुत्र समर्थ जैन का अपहरण कर ले जाने का प्रयास किया था। हालांकि वह अपने प्रयास में सफल नहीं हो सके थे। पुलिस अधीक्षक ने बदमाशों को पकड़ने के लिए पांच टीमें बनाई थीं। पूरे मामले की निगरानी एसपी स्वयं कर रहे थे।
रेडीमेड कपड़ा व्यापारी के बेटे का अपहरण का प्रयास करने वाले तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का पटाक्षेप कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस व चाकू मिला। घटना के समय पहने गए कपड़े और बाइक भी मिली। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय पेश किया और जेल भेज दिया। – अभिषेक कुमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक
