संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
Updated Sat, 29 Jul 2023 01:09 AM IST
ललितपुर। कमरे में जमीन पर सो रहे भाई-बहन को सांप ने डस लिया। परिजन उन्हें झाड़ फूंक कराने के लिए ले गए। लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ तो जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने भाई को मृत घोषित कर दिया। जबकि बहन को झांसी रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मध्य प्रदेश के जनपद सागर अंतर्गत ग्राम बांदरी निवासी शिवा (12) पुत्र धनुआ बृहस्पतिवार की रात्रि कमरे में जमीन पर अपनी बहन रक्षा (14) के साथ सो रहा था। सुबह करीब चार बजे कमरे में सो रहे शिवा व रक्षा को सांप ने डस लिया। दोनों चिल्लाए तो कमरे में ही सो रहे परिजन जागे और कमरे में रोशनी की तो कमरे में सांप दिखाई दिया। सांप के डसने से दोनों की हालत बिगड़ने लगी। परिजन झाड़ फूंक कराने के लिए कोतवाली अंतर्गत ग्राम बुढवार लेकर आए और करीब एक से दो घंटे तक झाड़ फूंक कराया लेकिन दोनों की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इस पर परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने शिवा के शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। जबकि रक्षा की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक शिवा कक्षा छठवीं का छात्र था और तीन भाई व दो बहन में सबसे छोटा था।
