बांदा। प्राथमिक विद्यालय पहुंची जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने बच्चों का टेस्ट लिया। उन्होंने पहाड़ा पूछा तो कई बच्चों ने सुना दिया। इस पर डीएम ने बच्चों को शाबासी दी। बच्चों से सामान्य ज्ञान और उनके विषय संबंधित प्रश्न भी किए। जहां बच्चे अटके, डीएम ने उन्हें जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से पढ़ लिखकर होनहार बनने की बात कहकर उत्साहित भी किया।
डीएम ने प्राथमिक विद्यालय डिंगवाही में निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को जांचा। कक्षा चार के बच्चों सेे 12, 13 और 21 का पहाड़ा सुना। कई बच्चों ने तीनों पहाड़े सुना दिए। उन्होंने कक्षा तीन के बच्चों का हिन्दी भाषा का ज्ञान जानने के लिए पुस्तक पढ़ाकर देखा। गणित के सवाल भी पूछे। विद्यालय में बना मिड-डे मील भी जांचा। विद्यालय में 150 बच्चे व सभी अध्यापक मौजूद थे।
वाटर कूलर का बच्चों से उद्घाटन कराया और जल का महत्व बताया। विद्यालय की रीडिंग कार्नर व शौचालय का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से कहानियों को सुना, आकृतियों को चित्रों के माध्यम से दिखाते हुए जानकारी ली। छह माह तक के बच्चों को स्तनपान कराने वाली माताओं को उपहार भेंट किए और केक काटा। पोषाहार का वितरण समय से कराये जाने को निर्देशित किया।
कतरावल विद्यालय में 151 बच्चे थे। कक्षा पांच के बच्चों से चंद्रग्रहण, सूर्यग्र्रहण के साथ ही अन्य ग्रहों के बारे में पूछा। अध्यापकों को महापुरुषों के जीवन परिचय की जानकारी बच्चों को कोर्स के साथ दिलाने के लिए कहा। विद्यालय में एक स्मार्ट क्लास बनाने, बच्चों को खेलकूद कराने, प्रतिमाह विद्यालय में अभिभावकों की बैठक किये जाने और अभिभावकों को प्रतिदिन बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा।
