Spread the love


बांदा। बुंदेलखंड मं सूखे की आहट केंद्र सरकार तक पहुंच गई है। केंद्र ने प्रदेश सरकार से सूखा न्यूनीकरण योजना प्रबंधन के तहत प्रस्ताव मांगे हैं। बांदा सहित बुंदेलखंड क्षेत्र के जिलों में कम बारिश होने की वजह से जो हालात बने हुए हैं, उसको देखते हुए प्रदेश सरकार ने जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी को यह रिपोर्ट जल्द भेजने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश सरकार के द्वारा यह रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। इसके साथ ही केंद्र ने पांच साल के लिए 20 से 30 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट तैयार करने को भी कहा है।

पिछले कई दशकों से लगातार बुंदेलखंड में औसत से कम बारिश होने की स्थिति बनी रहती है। इस साल भी चित्रकूटधाम मंडल में जुलाई माह तक मात्र 113.84 मिलीमीटर बारिश हुई, जिससे यहां की स्थिति अच्छी नहीं रही है। धान की फसल की रोपाई भी पूरी नहीं हो पाई। जिन किसानों ने रोपाई की है, उनकी फसलें भी मुर्झाने लगी हैं। कई किसान आनन-फानन में नलकूपों की बोरिंग कराने में लगे हैं। उधर बिगड़ती स्थिति को संज्ञान में लेकर शासन की ओर से भी तैयारी शुरू की गई है। भारत सरकार की ओर से देश के सभी प्रदेशों से अक्सर सूखा की चपेट में आने वाले जिलों में ब्योरा मांगा गया है। प्रदेश सरकार ने इस पर अमल करते हुए जिलाधिकारी व सीडीओ को पत्र भेजकर सूखा न्यूनीकरण के लिए प्रबंधन संबंधित प्रस्ताव मांगा है। इसमें उन्होंने प्रोजेक्ट तैयार करने को कहा है। इसमें बुंदेलखंड के झांसी व चित्रकूटधाम मंडल के सभी जनपदों को रिपोर्ट तैयार कर भेजना होगा। सरकार का मानना है कि कम बारिश में पानी की बचत कर किसानों से संकट से बचाया जाए। इसमें भी जागरूक करने का कहा गया है कि किसान दलहनी, तिलहनी फसलों और मोटे अनाजों की बुवाई ज्यादा क्षेत्रफल में करें। ऐसे फसलों की बुवाई कम की जाए, जिनमें ज्यादा पानी की आवश्यकता हो।

जनपद – औसत बारिश – हुई बारिश – फीसदी

हमीरपुर 275.80 188.00 68.17

महोबा 275.80 093.07 33.74

बांदा 300.00 72.80 24.27

चित्रकूट 300.00 101.50 33.83

औसत बारिश- 287.90 113.84 39.54

इन प्रमुख बिंदुओं पर बनाने होंगे प्रस्ताव

-मत्स्य पालन, चारा प्रबंधन, मेड़ बंदी के जरिए जल संचयन, पशु पालन, कम पानी उपयोग वालीं फसलों की बुवाई आदि एक दर्जन बिंदुओं पर प्रस्ताव भेजने होंगे।

सीएम ने बारिश और आच्छादन की रिपोर्ट

बुंदेलखंड में सूखे की आहट के चलते मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों के माध्यम से सभी जनपदों से बारिश और खरीफ की फसल के आंकड़े तलब किए हैं। इससे मालूम होता है कि प्रदेश सरकार बुंदेलखंड को जल्द प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की योजना तैयार कर रही है। डीएम के निर्देश पर दैवी आपदा, कृषि विभाग व राजस्व विभाग ने रिपोर्ट तैयार करनी शुरू कर दी है।

-सूखा न्यूनीकरण प्रबंधन सं संबंधित कार्य योजना मांगी गई है, इससे संबंधित सभी विभाग प्रमुखों को पत्र भेजकर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है।

वेद प्रकाश मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *