Spread the love


बांदा। बैलगाड़ी बनवाकर लौट रहे किसान की शराब के ठेके के सामने नशेड़ी युवक ने साथियों के साथ सिर पर कुल्हाड़ी और ईंटें मारकर हत्या कर दी। पिता की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

जसपुरा थाना क्षेत्र के गड़रिया गांव निवासी राजू यादव (33) रविवार की शाम नकटी-पुखरी का पुरवा बैलगाड़ी बनवाने गया था। वहां से तकरीबन रात नौ बजे पैदल लौट रहा था। रास्ते में मोड़ पर देशी ठेका से शराब पीकर गांव का ही हेमबाबू निषाद साथियों के साथ निकल रहा था। राजू को देखकर हेमबाबू ने उसके साथ अभद्रता की। राजू ने विरोध किया तो हेमबाबू ने साथियों के साथ उस पर कुल्हाड़ी और ईंरों से हमला कर दिया। उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इससे लहूलुहान होकर गिर गया। ठेके के सेल्समैन जनार्दन ने फोन से राजू के पिता गंगाचरन यादव को मारपीट की जानकारी दी। पिता छोटे बेटे बबलू को लेकर पहुंचे तो राजू लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। सूचना के बाद भी आधा घंटे तक 108 एंबुलेंस के न आ पाने पर लोडर से सीएचसी जसपुरा ले गए। हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

पिता ने जसपुरा थाने में आरोपी हेमबाबू और अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सरोज ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौके पर सीओ सदर अंबुजा त्रिवेदी व फील्ड यूनिट ने जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं।

खेती में पिता का हाथ बंटाता था राजू

बांंदा। जसपुरा थाना क्षेत्र के गड़रिया गांव के मजरा नकटी-पुखरी का पुरवा राजू यादव तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह अविवाहित था। पिता के नाम 30 बीघा जमीन है। वह उनका खेतीबाड़ी में हाथ बंटाता था।

घटनास्थल से मिलीं खून से सनी तीन ईंटें

राजू की हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को पुलिस ने घटनास्थल से झाड़ियों के पास से बरामद कर लिया है। साथ ही घटनास्थल पर खून से सनी तीन ईंटें भी बरामद की गई हैं। हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *