नरैनी। कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में पांच मकानों में आग लग जाने से लाखों की कीमत का गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। लेखपाल ने नुकसान का आंकलन किया है।
कोतवाली क्षेत्र के कुलसारी गांव में रामगोपाल के घर में मंगलवार को दोपहर अचानक आग लग गई। जिससे घर में रखा 45 हजार रुपये नगद और जेवर समेत गृहस्थी का पूरा सामान जल गया। रामगोपाल के घर में लगी आग फैलकर गुलाब, आनंदी और कोदू के मकान तक पहुंच गई। इससे गुलाब की पूरी गृहस्थी का सामान जल गया। इसी तरह आनंदी और कोदू के मकानों को भी क्षति हुई है।
रामगोपाल ने बताया कि वह दो दिन पहले हैदराबाद से मजदूरी करके लौटा था। सबकुछ जल गया। ग्रामीणों की सूचना पर दमकल की दो गाडिय़ों से आग बुझाई गई। लेखपाल शिवनारायण ने नुकसान का जायजा लिया। उधर, कस्बा के गांधी नगर मोहल्ला निवासी पियरिया देवी (75) के कच्चे मकान में मंगलवार को दोपहर अचानक आग लग गई। उसने पड़ोसियों से मदद की गुहार लगाई। पड़ोसियों ने सबमर्सिबल के पानी से आग पर काबू पाया। वृद्धा ने बताया कि उसके पांच पुत्र हैं। सभी परदेश में मजदूरी करते हैं। घटना के समय तीन पुत्र मौजूद थे। लेखपाल लालमन सिंह ने नुकसान का जायजा लिया।
