संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Thu, 31 Aug 2023 12:51 AM IST
बांदा। रक्षा बंधन पर बाजारों में बुधवार को जमकर राखी की खरीदारी हुई। बहनों ने भाई के अलावा भाभी की कलाई पर भी रक्षा सूत्र बांधने के लिए राखी खरीदी। इस प्रकार की जोड़े में काफी राखियां आईं, जिनकी कीमत 10 से लेकर 300 रुपये तक डिजाइन के मुताबिक रही।
शहर के चौका बाजार में सबसे ज्यादा 300 से अधिक दुकाने लगीं। इसके अलावा संकट मोचन हनुमान मंदिर के पास भी एक दर्जन से ज्यादा दुकानें लगी हैं। घोड़ा चौराहा, कालू कुंआ व बाबूलाल चौराहा आदि कई जगहों पर राखी की दुकानें सजी रहीं। दुकानदार राकेश कुमार ने बताया कि धागे वाली और राखियां सबसे ज्यादा पसंद की जा रही हैं। इसके अलावा भैया और भाभी को एक जैसी राखी बांधने का भी काफी ट्रेंड रहा है।
