बांदा। हापुड में अधिवक्ताओं पर लाठी चार्ज व उल्टा ही संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करने सहित गाजियाबाद के तहसील परिसर में अधिवक्ता की हत्या को लेकर वकीलों में खासा आक्रोश है। शुक्रवार को अधिवक्ता कार्य से वितर रहे और घटना की निंदा की।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार दुबे ने कहा कि हापुड़ में पुलिस ने अधिवक्ताओं पर लाठी चार्ज किया और उल्टा ही उनके ऊपर संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया। इसी प्रकार गाजियाबाद की तहसील में स्थित चेंबर में साथी अधिवक्ता मनोज चौधरी की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस की मनमानी के आगे मनोज चौधरी के शव सम्मान के साथ अंतिम संस्कार तक नहीं हो सका। महासचिव ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि हापुड़ व गाजियाबाद के अधिवक्ताओं का संघ पूर्ण समर्थन करता है। उधर, नरैनी में एडवोकेट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीराम शर्मा के नेतृत्व में वकीलों ने शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच की मांग की हैं।
चित्रकूट। हापुड़ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठी चार्ज के विरोध में अधिवक्ताओं ने शहर में प्रदर्शन किया। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जुलूस निकालकर धनुष चौराहे व पटेल तिराहे पर जाम लगाकर विरोध जताया। तहसील परिसर पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम राजबहादुर को सौंपा।
शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने के बाद कचहरी परिसर से अधिवक्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। हाइवे पर प्रदर्शन करने के बाद अधिवक्ता सदर तहसील पहुंचे। अधिवक्ता सुरेश तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर अधिवक्ताओं का दमन पुलिस के जवानों से किया जा रहा है।
पुलिस बिना कारण ही अधिवक्ताओं को खुलेआम पीट रही है। इस मामले में पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें बर्खास्त कर दिया जाए। इस मौके पर जिला बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सत्यहरण यादव, सचिव मान सिंह, राजेंद्र सिंह, चुनबाद प्रसाद आनंद शुक्ला, प्रभात शुक्ला, अशोक कुमार, विजय कुमार, अनुराग प्रसाद, विजय कुमार, महेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
राजापुर। हापुड़ में पुलिस की बर्बरतापूर्ण अधिवक्ताओं व महिला अधिवक्ताओं के ऊपर किए गए लाठीचार्ज का विरोध राजापुर तहसील में भी दिखाई दिया। यहां अधिवक्ता संघ अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी की ओर से प्रस्ताव पारित कर एसडीएम प्रमोद झा को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है। इस निर्णय पर तहसील परिसर में किसी अप्रिय घटना को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। इस मौके पर सचिव देवकीनंदन मिश्रा, नारेंद्र शुक्ल, अनुज शुक्ला, सुरेश कुमार यादव, अतुल कुमार मिश्रा, अरुण कुमार त्रिपाठी, राजेश कुमार, संजय मिश्रा, नीतेश त्रिपाठी, सौरभ मिश्रा, पुष्पांजलि शुक्ला, अखिलेश गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
