अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रक्सा थाना इलाके के ग्राम पलींदा में कुएं से पानी भरने को लेकर हुए विवाद में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तमंचे से फायरिंग करते हुए भाग गए, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुईं हैं।
ग्राम पलींदा निवासी शोभाराम पाल के खेत पर एक पुश्तैनी कुआं हैं, जिससे उसका चचेरा भाई भी खेती के लिए पानी लेता है। पिछले कुछ समय से चचेरे भाई का परिवार कुएं से पानी नहीं लेने दे रहा था, जिससे दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इस मसले पर 30 जुलाई को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था और मामला पुलिस तक पहुंचा था। शनिवार को शोभाराम, उसका भाई खेमू व महोबल पाल एवं खेमू की पत्नी वीरवती नयागांव जा रहे थे। आरोप है कि इसी बीच चचेरे भाई और उसके दो बेटों समेत चार-पांच अज्ञात लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा।
इस मामले में एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद हुआ है। फायरिंग से कोई हताहत नहीं हुआ। लाठी-डंडों चारों को चोट आईं हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
