Spread the love


2 सितंबर को मोहल्ला मथुरा नगर में मोबाइल के लिए पति से विवाद व मारपीट के बाद महिला ने दो बच्चों सहित खा लिया था जहर

मां-बेटी की हो गई थी मौत, ढाई साल का बेटा मेडिकल कॉलेज झांसी में भर्ती था

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। महिला के दो बच्चों सहित जहर खाने और मां-बेटी की मौत होने के चलते सोमवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया गया। शाम को मां-बेटी का अंतिम संस्कार मृतका के पति के द्वारा पुलिस की मौजूदगी में किया गया। उधर, सोमवार की रात ढाई साल के बेटे की भी झांसी मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।

शहर के गोविंद सागर बांध के पास स्थित मोहल्ला मथुरा नगर निवासी वैष्णवी उर्फ वृष्णा का पति से मोबाइल फोन को लेकर रविवार को विवाद हो गया था। जिसमें मोबाइल फोन तोड़ देने पर वैष्णवी ने अपने पति नरेंद्र को थप्पड़ मार दिया था। जिसके बाद नरेंद्र ने भी वैष्णवी को थप्पड़ मार दिए थे और काम पर चला गया था। इसके बाद दोपहर को वैष्णवी ने घर में रखे जहरीले पदार्थ का सेवन अपनी छह वर्षीय पुत्री वैशाली व ढाई वर्ष के पुत्र छोटू उर्फ अब्बू को कराने के बाद स्वयं भी कर लिया था।

जहरीला पदार्थ खाने से तीनों की हालत बिगड़ गई थी और वैष्णवी व वैशाली की मौत हो गई थी। जबकि ढाई वर्ष के छोटू उर्फ अब्बू को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था, जिसकी सोमवार को झांसी में मौत हो गई। सोमवार को मां-बेटी के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान पोस्टमार्टम हाउस पर सिर्फ मोहल्लेवासी व कुछ रिश्तेदार मौजूद रहे। पोस्टमार्टम के बाद शाम को दोनों शवों को घर ले जाया गया।

यहां वैष्णवी का पति व वैशाली का पिता नरेंद्र सिंह पत्नी व बेटी के शव का एकटक निहारता रहा और रोता रहा। नाते रिश्तेदारों के द्वारा उसे सांत्वना देकर चुप कराया गया। शाम को दोनों शवों का अंतिम संस्कार नरेंद्र के द्वारा पुलिस की मौजूदगी में किया गया। घटना के दूसरे दिन भी पुलिस घटना के कारणों की जांच करने में जुटी रही। वहीं सूचना पर मृतका वैष्णवी के ग्राम झरकौन निवासी मायके पक्ष के लोग मौके पर आ गए थे। वह सभी भी वैष्णवी के इस आत्मघाती निर्णय से दुखी थे।

जहर खाने के बाद घर के बाहर बचा लो-बचा लो कहते हुए निकली थी वैष्णवी

पति से विवाद हो जाने के बाद वैष्णवी उर्फ वृष्णा ने खुद जहर खाकर अपने दोनों बच्चों को जहर खिला दिया। इसके बाद वैष्णवी को कमरे में ही उल्टियां होने लगीं। मोहल्लेवालों के अनुसार वैष्णवी बचा लो-बचा लो कहते हुए घर के बाहर मोहल्ले में आई थी। जिसके बाद मोहल्ले के लोगों ने उसकी जेठानी को सूचना दी थी। तब उसे व उसके बच्चों को अस्पताल लाया गया था। जहां वैष्णवी व उसकी छह वर्षीय पुत्री वैशाली को मृत घोषित कर दिया गया था।

महिला व उसकी पुत्री के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है। घटना को लेकर किसी प्रकार का कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। घटना के कारणों की जांच पुलिस के द्वारा गहनता से की जा रही है। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

-हरीशंकर चंद, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *