Spread the love


मां ने दो बच्चों संग खा लिया था जहर, मां-बेटी की हो चुकी थी मौत, ढाई वर्ष के बेटे ने सोमवार को तोड़ा था दम

परिवार को याद कर बार-बार रो रहा पिता, मोबाइल को लेकर पति से हुए झगड़े के बाद महिला ने उठाया था आत्मघाती कदम

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद महिला ने अपने दो बच्चों के साथ जहर खा लिया था। इसमें मां-बेटी की उसी दिन मौत हो गई थी। झांसी के अस्पताल में भर्ती ढाई साल के बेटे अब्बू ने सोमवार को देर रात दम तोड़ दिया था। अब्बू का अंतिम संस्कार मंगलवार को उसके पैतृक गांव में किया गया। इस दौरान गांव वाले कहते रहे कि मोबाइल फोन के चक्कर में पूरा परिवार खत्म हो गया। वहीं, बच्चे का पिता रोता रहा।

तीन दिन पहले शहर के मोहल्ला मथुरानगर में महिला वैष्णवी का मोबाइल फोन को लेकर पति से झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान दोनों में मारपीट भी हुई थी। इसके बाद महिला ने छह साल की बेटी वैशाली और ढाई साल के बेटे छोटू उर्फ अब्बू के साथ जहर खा लिया। इससे वैष्णवी उर्फ वृष्णा व छह वर्षीय पुत्री वैशाली की उसी दिन मौत हो गई थी। जबकि अब्बू मेडिकल कॉलेज झांसी में गंभीर हालत में भर्ती था।

सोमवार की शाम को उसकी भी मौत हो गई। अब्बू के शव को उसकी ताई धनुष झांसी से लेकर पैतृक गांव थाना बालाबेहट के ग्राम रसोई पहुंची। मंगलवार को अब्बू के शव का अंतिम संस्कार उसके पिता नरेंद्र सिंह ने किया। मोबाइल फोन को लेकर हुए छोटे से विवाद में वह अपनी पत्नी, पुत्री व पुत्र को खो चुका। वह बार-बार रोकर परिवार को याद कर रहा है। गांव के लोगों सहित रिश्तेदार उसे समझा रहे हैं। लेकिन वह अपने पुत्र-पुत्री व पत्नी की याद आते ही दहाड़ मारकर रोने लगता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *