– नेशनल हाईवे-44 पर ग्राम खड़ेरा के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिरधा (ललितपुर)। अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम पिपरिया डोंगरा निवासी बुद्धा (32) रविवार को उड़द के लिए बारदाना और पशुओं को चुनी-खली लेने के लिए ललितपुर बाइक से गए थे। शाम को वह घर लौट रहे थे। बाइक पर उनके साथ प्रमोद कुशवाहा निवासी कस्बा बिरधा भी सवार थे।अभी बाइक नेशनल हाईवे-44 पर ग्राम खड़ेरा के पास पहुंची थी कि अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
बुद्धा और प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कस्बा बिरधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने बुद्धा को मृत घोषित कर दिया। प्रमोद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक की चार पुत्रियां हैं। वह चार भाई-बहन में सबसे थे।
हेलमेट लगाए होते तो बच सकती थी जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक बुद्धा और उनके साथी प्रमोद कुशवाहा हेलमेट नहीं लगाए थे। हादसे में बुद्धा के सिर में गहरी चोट आने से उनकी मौत हो गई। लोगों का कहना था कि यदि वह हेलमेट लगाए होते तो उनकी जान बच सकती थी।
