मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए विद्यालय व आसपास कराई जाएगी साफ-सफाई
बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रधानाध्यापकों व इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए अब परिषदीय विद्यालयों के छात्र को फुल पैंट-शर्ट पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ विद्यालयों में मच्छरों संबंधित फॉगिंग कराई जाएगी। विद्यालय परिसर में खड़ी घास को साफ किया जाएगा। साफ-सफाई कराई जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने इसके निर्देश विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों व इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को दे दिए हैं।
जनपद में 1354 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इनमें 1.78 लाख छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। वर्तमान में मच्छर जनित मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। ऐसे में शासन के निर्देश पर परिषदीय स्कूलों के छात्र-छात्राआें को संचारी रोगों से बचाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। जिसके क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय स्कूलों में आने वाले बच्चों को फुल पैंट व शर्ट पहनकर आने के लिए प्रोत्साहित करने निर्देश प्रधानाध्यापकों व इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को दिए हैं।
मच्छरों से बचाव के लिए संबंधित विभाग की मदद लेकर विद्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में फॉगिंग भी कराई जाएगी। शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों के छात्रों को डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक करेंगे। जिसमें बीमारियों के लक्षण सहित बचाव के बारे में बताया जाएगा।
इसके अलावा विद्यालय के आसपास जलभराव न हो इसके विशेष इंतजाम किए जाएंगे। विद्यालयों में पौधे, गमले, टायरों और बोतलों में पानी एकत्रित न हो, इसका इंतजाम भी किया जाएगा। वहीं, आसपास भरे हुए पानी जिसमें मच्छर का लार्वा पनपने की संभावना होगी, उसे निकाला जाएगा।
बुखार या लक्षण होने पर स्कूल में होगी जांच व इलाज
विद्यालय में एक से ज्यादा छात्रों को बुखार या इसके लक्षण होने पर चिकित्सक को स्कूल में ही बुलाकर छात्रों का टेस्ट कराया जाएगा। साथ में उनका इलाज कराते हुए उन्हें दवा दी जाएगी। इलाज कराने के बाद भी छात्रों के स्वास्थ्य की निगरानी की जाएगी।
मच्छर जनित बीमारियों मलेरिया, डेंगू से बचाव के लिए परिषदीय विद्यालयों के छात्रों को फुल पैंट-शर्ट पहनकर आने के लिए शासन के निर्देश पर प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्हें बीमारियों को लेकर जागरूक किया जाएगा। प्रधानाध्यापकों व इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को इसके निर्देश दे दिए हैं।
-रामपाल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
