बांदा। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक में फर्नीचर विहीन 52 विद्यालयों में खनिज निधि से व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को शासन के मानक के अनुसार निरीक्षण कर विद्यालयों में कायाकल्प योजना के तहत सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि विद्यालयों में कक्षा कक्ष की फर्श एवं बालक/बालिका शौचालय का टायलीकरण, दिव्यांग शौचालय बनाए जाने एवं बॉउंड्रीवॉल के कार्यों को नगर पालिका एवं नगर पंचायत 15वें राज्य वित्त आयोग करें। डीसी मनरेगा को चिन्हित विद्यालयों में बाउंड्री वाॅल निर्माण कराएं। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाये के लिए हिंदी, गणित, अंग्रेजी के विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
कमजोर बच्चों को चिन्हित कर अलग बैठाया जाए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जसपुरा एवं तिंदवारी में टाइप-3 के मकानों के निर्माण कार्य शीघ्र गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने व महुआ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में हास्टल के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि आरबीएसके की टीमों की ओर से सभी स्कूलों के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देश दिये कि विद्यालयों में सप्ताह में दो दिन बुधवार एवं शनिवार को बेहतर सफाई कराई जाए।
प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई हेतु समुचित प्रकाश की व्यवस्था के लिए प्रत्येक कक्ष में ट्यूबलाइट की व्यवस्था शीघ्र कराये जाने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य, सीएमओ, बीएसए, व ब्लॉक से बीडीओ मौजूद रहे।
