विभागीय अधिकारी दुकानदार पर लगा रहे नाम गलत बताने का आरोप
बच्चे के नाम वाद दायर होने से अपर जिलाधिकारी न्यायालय के बाहर जमा हो गई भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कस्बा बानपुर में दिसंबर माह में एक बेकरी की दुकान का नमूना खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने लिया था। आनंद बेकरी के नाम भरा हुआ यह नमूना फेल हो गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसका वाद अपर जिलाधिकारी न्यायालय में दायर कर दिया। जिसका नोटिस दुकानदार के पास पहुंचा, तो वह मंगलवार को अपने दिव्यांग भाई आनंद को लेकर कोर्ट में उपस्थित हो गया।
दिव्यांग बालक के नाम केस होने की खबर फैलने से अपर जिलाधिकारी न्यायालय के बाहर भीड़ जमा हो गई। बाद में पता चला कि दुकान संचालक ने अपने दिव्यांग भाई का नाम बताकर नमूना भरवाया था। हालांकि अपर जिला मजिस्ट्रेट ने प्रतिवादी को अपना पक्ष रखने के लिए अगली तारीख दे दी है।
खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी विजय श्रीवास ने दिसंबर 2022 में त्योहार मद्देनजर जनपद की बेकरी पर आलाधिकारियों के निर्देश पर छापामारी अभियान चलाया था। कस्बा बानपुर स्थित आनंद बेकरी पर छापामारी कर एक केक नमूना लिया। विभागीय अधिकारियाें की मानें तो दुकानदार दीपक ने अपने भाई आनंद के नाम से नमूना दर्ज कराया था। जो जांच के लिए भेजा गया था।
जांच में नमूना फेल होने के बाद विभाग ने इसका वाद दायर किया। वाद दायर होने आनंद के नाम पर नोटिस चला गया। जबकि आनंद (11) वर्ष का दिव्यांग बालक है। उसे देखकर न्यायालय में यह प्रकरण चर्चा का विषय बन गया।
यह खबर अधिवक्ताओं के बीच में आग की तरह फैल गई कि खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने एक नाबालिग बच्चे के नाम वाद दायर कर दिया है। हालांकि न्यायालय अभी किसी निर्णय पर नहीं पहुंचा है। सुनवाई के लिए अपर जिला मजिस्ट्रेट अंकुर श्रीवास्तव ने अगली तारीख निर्धारित की है।
