Spread the love


बांध के किनारे खड़ी मिली बाइक, पानी में मिली चप्पल

मैरती कलां के लोगों ने गाड़ी देखकर की शिनाख्त

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। गोविंद सागर बांध में मंगलवार की रात को एक युवक ने छलांग लगा दी थी। मौके पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही लेकिन बुधवार को भी युवक का पता नहीं चला।

मंगलवार की रात को गोविंद सागर बांध पर निर्मित पंप हाउस पर एक युवक पहुंचा था। बांध में उसके छलांग लगाने की सूचना राहगीरों ने कोतवाली पुलिस को दी थी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरीशंकर चंद सहित पुलिसकर्मी बांध पर पहुंच गए। उन्हें बांध पर एक बाइक खड़ी मिली।

वहीं, चप्पल पानी में उतराती हुई मिली। बाइक के आधार पर पुलिस ने बांध में कूदने वाले युवक के बारे में जानकारी जुटाई तो थाना जाखलौन के अंतर्गत ग्राम मैरती कलां निवासी कुछ लोग वहां पहुंचे। उन्होंने बाइक दीपक पटेल निवासी मैरतीकलां हाल निवासी आजादपुरा तृतीय की बताई। जिस पर पुलिस ने कहा कि शिनाख्त के लिए युवक का मिलना जरूरी है।

उधर, मंगलवार की रात से ही पुलिस ने गोताखोरों को बांध के पानी में उतारा और मछुआरों से जाल की मदद ली। साथ में लोहे के कांटे को पानी के अंदर डालकर युवक की खोजबीन शुरू की। देर रात अंधेरा होने के बाद सर्च अभियान को रोक दिया गया था। क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण राय ने बताया कि बुधवार को भी सर्च अभियान चलाया गया लेकिन सफलता नहीं मिली।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *