Spread the love


चित्रकूट। गुरुवार रात से लापता महिला का शव शुक्रवार देर रात सदर कोतवाली क्षेत्र के रेंहुटिया रेलवे लाइन के पास मिला। मृतका के मायके पक्ष ने पति व उसकी महिला मित्र पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाकर शनिवार दोपहर झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। एक घंटे तक लगे जाम के दौरान सीओ सिटी, कोतवाल व पुलिस बल पहुंचा। परिजनों की मांग पर आरोपियों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई, इसके बाद परिजन शांत हुए और जाम खुला।

सदर कोतवाली क्षेत्र के इटरौर भीषमपुर निवासी रिंकू सिंह ने बताया कि उसकी बहन मनोरमा (32) का विवाह 10 साल पूर्व लौढिहा खुर्द निवासी सोनू पटेल के साथ हुआ था। उसके दो पुत्र अनिरुद्ध व छोटू हैं। आरोप लगाया कि बहन ने कई बार फोन कर बताया कि पति के किसी अन्य महिला से प्रेम संबंध हैं और सारी कमाई घर में न देकर उस युवती को देता है। इसे लेकर कई बार विवाद हुआ।

बताया कि गुरुवार को सोनू अपने छोटे पुत्र छोटू को लेकर इटरौर आया और बताया कि मनोरमा कहीं चली गई है। शुक्रवार रात को रेंहुटिया रेलवे लाइन के पास शव मिलने की जानकारी पर वह लोग पहुंचे और कपड़ों व अन्य चीजों से शिनाख्त की।

परिजनों ने आरोप लगाया कि सोनू ने ही मनोरमा की हत्या कर शव रेल पटरी किनारे फेंका है और बाद में गायब हो गया है। शनिवार को जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे तभी उन्होंने शव रखकर हाईवे पर जाम लगा दिया। बताया कि कोतवाली में कई घंटे खडे रहने के बाद भी आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। जाम लगने के बाद बांदा व प्रयागराज की ओर जाने वाले वाहनों की दोनों ओर लंबी लाइनें लग गईं। कई स्कूली वाहन भी जाम में फंस गए। सीओ हर्ष पांडेय, कोतवाल अजीत पांडेय व अन्य हमराही पहुंचे और परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। कोतवाल ने बताया कि आरोपी पति व महिला मित्र के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ सिटी ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हकीकत सामने आएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *