चाचा ने परिजनों के साथ मिलकर रास्ते में घेर लिया, मौके पर ही हो गई मौत
पुलिस ने दो महिलाआें सहित नौ के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट, तीन गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। गांव म्याव के मजरा दीक्षित वारा में शनिवार को डेढ़ एकड़ जमीन के विवाद में चाचा ने परिवार के साथ मिलकर भतीजे को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। मृतक के भाई की तहरीर पर दो महिलाओं सहित नौ लोगों पर हत्या सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया।
म्याव के मजरा दीक्षित वारा निवासी राजा भैया और मनोहर सिंह के मध्य करीब डेढ़ एकड़ जमीन के बंटवारे का विवाद काफी समय से चल रहा है। मामले की शनिवार को उपजिलाधिकारी कोर्ट में सुनवाई थी। मृतक के परिजनों के मुताबिक शनिवार को सुबह करीब 8:30 बजे राजा भैया का बेटा राघवेंद्र (30) बाइक से बौलारी गांव से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान उसके गांव म्याव निवासी चाचा मनोहर सिंह व परिजन शिशुपाल सिंह, पंचम सिंह, कृष्णपाल सिंह, राजबहादुर सिंह, शंकर सिंह, जलेब राजा, बिरजेश राजा व अरविंद ने उसे घेर लिया।
वह लोग जमीन के बंटवारे को लेकर उससे विवाद करने लगे, इस पर राघवेंद्र ने विरोध किया तो उन लोगों ने लाठी-डंडों से राघवेंद्र को पीटने के साथ ही उसकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही राघवेंद्र का भाई कैशवेंद्र सिंह अपने बहनोई को लेकर घटनास्थल पर पहुंचा तो चाचा सहित उनके परिवारीजन भाग गए। राघवेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के भाई कैशवेंद्र सिंह की तहरीर पर आरोपी चाचा व उनके परिजनों सहित नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसपी मोहम्मद मुश्ताक और एएसपी अनिल कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। घटना की सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी कुलदीप कुमार व प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी शिशुपाल सिंह, राजबहादुर सिंह और मनोहर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
000
जमीन की रंजिश को लेकर चाचा सहित अन्य परिजनों ने भतीजे की लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला है। मृतक के भाई की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।-विनोद कुमार मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक
