उरई। जिला स्तरीय अधिकारी भी अपने कार्यालय में समय से नहीं बैठ रहे हैं। एडीएम नमामि गंगे ने सुबह 10 बजे जब विभागों का निरीक्षण किया तो 11 अधिकारी और अभियंता गैरहाजिर मिले। डीएम ने सभी से स्पष्टीकरण मांगा है।
डीएम राजेश कुमार पांडेय के निर्देश पर मंगलवार को एडीएम नमामि गंगे विशाल यादव व डिप्टी कलेक्टर हेमंत पटेल ने विकास भवन का सुबह 10:40 बजे औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी हरीचरण, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नीरज, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सत्यम नदारत मिले।
जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र त्रिपाठी, रेशम अधिकारी मनोज कुमार, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र, सहायक अभियंता अनूप कुमार मिश्रा, उपायुक्त मनरेगा दिनेश यादव, लोक निर्माण विभाग खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता एके सक्सेना, खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता, फूड सोसाइटी डीओ अनुपस्थित पाए गए।
सभी गैरहाजिर अधिकारियों तथा कर्मचारियों को स्पष्टीकरण दिए जाने के निर्देश दिए। डीएम का कहना है कि सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने कार्यालय में सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई कर आम जनमानस की समस्याओं का निस्तारण करेंगे। इसमें किसी भी लापरवाही बरतने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
