बांदा। निकाय चुनाव में पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन, पूर्व राज्यसभा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद, भाजपा प्रत्याशी मालती बासू, कांग्रेस प्रत्याशी आदि शक्ति दीक्षित, सपा प्रत्याशी गीता मोहन साहू समेत अन्य जन प्रतिनिधियों ने भी वोट डाला। इस दौरान संबंधित जन प्रतिनिधियों ने अपने-अपने दल की प्रत्याशी की जीत का दावा किया। वहीं प्रत्याशी भी अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त दिखे।
कई दिनों तक अपने गृह नगर बांदा में कांग्रेस का प्रचार करने के बाद कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने गुरुवार को यहां राजकीय महिला डिग्री कॉलेज बूथ में अपना वोट डाला। मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस पिछले चुनावों से कई गुना ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करने जा रही है। साथ ही ये भी कहा कि हम ये कहें कि हमारे सामने कोई नहीं है, या हम सब को खत्म कर देंगे तो – दिल के बहलाने को ये ख्याल अच्छा है।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद ने अपने गृह नगर बांदा शहर में मतदान किया। बाद में मीडिया से दावे के साथ कहा कि पूरे प्रदेश के साथ बांदा के सभी निकायों में सपा जीत रही है। बांदा में पिछला कार्यकाल सपा का था। इस कार्यकाल में रही सफाई व्यवस्था की तारीफ मुख्यमंत्री यहां जनसभा में कर गए हैं।
इनसेट
बोस और विवेक याद आए चुनाव में
बांदा। पूरे चुनाव और खासकर मतदान के दिन शहर के दो दिग्गज नेताओं को लोग याद करते रहे। पिछले चुनाव में चर्चाओं और सुर्खियों में रहे दोनों अब संसार में नहीं हैं। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ समाजवादी नेता जमुना प्रसाद बोस तथा पूर्व राज्यमंत्री और मुखर नेता कुंवर विवेक कुमार सिंह पिछले 2017 के चुनाव में न सिर्फ स्टार प्रचारक थे, बल्कि शहर के अपने बूथों पर वोट भी डाला था। इस चुनाव में स्वर्गीय बोस के परिवार का कोई सदस्य नजर नहीं आया। जबकि विवेक सिंह के पुत्र लवी सिंह सपा के साथ प्रचार में जुटे रहे।
