जालौन। छत्रसाल मार्ग पर स्थित जल संस्थान के नलकूप की मोटर गुरुवार को फुंक गई। इस कारण लगभग छह मोहल्लों की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। जलापूर्ति ठप होने से लोग परेशान हैं।
मोहल्ला खटीकान, तोपखाना, मुरलीमनोहर, बालमभट्ट, रापटगंज, बैठगंज आदि मोहल्ले में जलापूर्ति के लिए जल संस्थान का नलकूप है। गुरुवार को पंप से जलापूर्ति अचानक बंद हो गई। पहले तो लोगों ने समझा कि शायद बिजली की समस्या के चलते आपूर्ति बंद है। जब देर शाम तक जलापूर्ति शुरू नहीं हुई तो लोगों ने पता किया तो जानकारी मिली कि नलकूप की मोटर फुंक जाने से जलापूर्ति ठप हो गई है।
दो दिन से छह मोहल्लों की जलापूर्ति बाधित होने से मोहल्ले के लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। मोहल्ले के मास्टर कमाल, साबिर किराना, हाजी मोहम्मद रसूल, अशफाक राईन, मोहम्मद सलीम, अनीस, मोहम्मद रईस ने बताया कि मोटर खराब होने के कारण दो दिन से जलापूर्ति बंद है।
जलापूर्ति बंद होने से मोहल्ले के लोग पेयजल के लिए परेशान हो रहे हैं। इस समय त्योहारी सीजन चल रहा है। लोगों ने डीएम से त्योहारों को देखते हुए स्थानीय जल संस्थान के कार्यालय में अतिरिक्त मोटर उपलब्ध कराने की मांग की है।
