Spread the love


बालक और बालिका वर्ग के दोनों फाइनल मुकाबले इन्हीं टीमों के बीच खेले जाएंगे

– ध्यानचंद स्टेडियम में चल रही प्रथम हॉकी इंडिया उत्तर क्षेत्र राष्ट्रीय सब-जूनियर बालक/बालिका चैंपियनशिप 2023

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में चल रही प्रथम हॉकी इंडिया उत्तर क्षेत्र राष्ट्रीय सब-जूनियर बालक/बालिका हाॅकी चैंपियनशिप 2023 के बालक, बालिका वर्ग की खिताबी भिड़ंत रविवार को यूपी और हरियाणा के बीच होगी। लीग मैच में अपने प्रतिद्वंद्वी को हराने के बाद इन दोनों टीमों ने जगह बना ली है।

प्रतियोगिता के दौरान शनिवार को लीग मैच हुए। बालिका वर्ग में उत्तर प्रदेश (यूपी) की टीम ने पंजाब को कड़े मुकाबले में 2-1 गोल से शिकस्त दी और फाइनल में प्रवेश कर लिया। उत्तर प्रदेश की ओर से 10वें मिनट में लकी कुमारी ने गोल दागा। इसके बाद रिति सोनी ने पेनाल्टी कॉर्नर से गोल करके 2-0 की बढ़त बना दी। पंजाब के लिए एकमात्र गोल 45वें मिनट में खिलाड़ी मस्कीनप्रीत कौर ने किया।

हॉकी इंडिया के चयनकर्ता अर्जुन अवॉर्डी केसी सिंह और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दीपिका मूर्ति ने श्रद्धा चौहान को मैच की मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया। दूसरे लीग मैच में हॉकी हरियाणा टीम ने उत्तराखंड को 9-1 गोल से पराजित करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया। हरियाणा की टीम की ओर से नैंसी सरोही, प्रिया चौहान ने दो-दो गोल किया। वहीं, दीक्षा, सीमा, वंशिका, जैसमिन देसवाल, मंजिन्दर, ने एक-एक गोल किया।

उत्तराखंड की टीम की तरफ से शिवानी कुमारी ने एकमात्र गोल किया। जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार ने सीमा को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार किया। इसके अलावा बालक वर्ग में हरियाणा और उत्तराखंड की टीम के बीच पहला सेमीफाइनल मुकाबला हुआ। ये मुकाबला एकतरफा रहा और हरियाणा की टीम ने उत्तराखंड को 10-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली।

हरियाणा की ओर से सचिन ने तीन, सोनू व कप्तान हर्ष ने दो-दो, करन, आदित्य कुमार व हर्ष ने एक-एक गोल किया। भरत कौशिक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरा लीग मैच चंडीगढ़ और हिमाचल के बीच हुआ। ये मुकाबला भी एकतरफा रहा और चंडीगढ़ की टीम ने हिमाचल को 9-0 से हरा दिया। चंडीगढ़ की तरफ से राजवीर सिंह ने चार, साहिल दुहान ने तीन, लवप्रीत सिंह, सूरज कुमार शाह ने एक-एक गोल किए।

क्रीड़ाधिकार राममिलन ने सूरज कुमार शाह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया। वहीं, तीसरे मुकाबले में मेजबान उत्तर प्रदेश ने पंजाब को 7-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। यूपी की तरफ से कप्तान शाहरुख ने पांच गोल किए। जबकि, सरोज किशन, आतिफ राईन ने एक-एक गोल किया। क्रिकेटर बृजेंद्र यादव ने प्रहलाद कुमार को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया। प्रभारी क्रीड़ाधिकारी सुरेश बोनकर ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान उपक्रीड़ाधिकारी राजेश कुमार सोनकर, सुनील कुमार, हॉकी प्रशिक्षक सुषमा कुमारी, विकास वेंदया, गौतमदास, सुनीता तिवारी, राजा खान मौजूद रहे।

इस समय खेले जाएंगे मैच

चैंपियनशिप में तीसरे और चौथे स्थान के लिए पंजाब और हिमाचल प्रदेश की टीम के बीच रविवार को सुबह 10 बजे से मैच होगा। बालिका वर्ग का फाइनल मैच शाम चार बजे से हॉकी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बीच होगा। जबकि, बालक वर्ग का फाइनल मैच भी यूपी, हरियाणा की टीम के बीच शाम छह बजे से फ्लडलाइट में खेला जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *