उरई। सॉफ्टवेयर इंजीनियर, पत्नी और बच्चों के मृत मिलने पर उनके परिजन अमेरिका के न्यूजर्सी स्थित प्लेंसबोरो शहर पहुंच गए हैं। परिजन वहां की पुलिस से मिले तो उन्हें इंजीनियर के आवास की चाबी सौंप दी गई, लेकिन उनकी मौत कैसे हुई इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। परिजन आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रहे हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजेंद्र नगर बंबी रोड निवासी तेजप्रताप सिंह (45) उर्फ नंदन अमेरिका के न्यूजर्सी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। वह पत्नी सोनल (40), पुत्र आयुष (10) और पुत्री ऐमी (7) के साथ रहते थे। गुरुवार को सभी के शव आवास में पड़े मिले थे। वहीं पर रहने वाले कानपुर निवासी उनके साले सत्यम ने उरई में रह रहे परिजनों को जानकारी दी थी।
गुरुवार को ही तेज प्रताप के ससुर कानपुर निवासी एमपी सिंह परिहार पत्नी के साथ न्यूजर्सी रवाना हो गए थे। लंदन में रहने वाली तेजप्रताप की बहन डॉक्टर बिंदु सिंह भी रवाना हो गई थीं। वहां पहुंचने के बाद इन लोगों ने पुलिस से संपर्क किया। शनिवार को पुलिस ने इंजीनियर के आवास की चाबी उन्हें सौंप दी, लेकिन जांच का हवाला देते हुए कोई भी जानकारी देने से इन्कार कर दिया।
तेजप्रताप के भाई विवेक सिंह का कहना है कि हम उनके शव जल्द से घर लाना चाहते हैं, जिससे परिवार के लोग अंतिम दर्शन कर सकें।
