ग्राम गेवरा-गुंदेरा का मामला
गंभीर बीमारियों को ठीक करने के नाम पर हो रही थी लूट
संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। थाना पूराकलां के अंतर्गत ग्राम गेवरा-गुंदेरा के पास तथाकथित लोगों द्वारा असाध्य एवं गंभीर बीमारियों को ठीक करने की फैलाई गई अफवाहों के बाद वन दारोगा की शिकायत पर थाना पुलिस में 11 नामजद और आठ अज्ञात पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया।
गेवरा-गुंदेरा के जंगल में आसपास के गांवों के कुछ लोगों ने पानी से भरे गड्ढे को कृत्रिम कुंड बताकर उसमें स्नान करने से गंभीर एवं असाध्य बीमारियों के ठीक होने का दावा किया था। इस पर वहां भारी संख्या में बीमार लोगों को आना शुरू हो गया। जिसमें भारी मात्रा में चढ़ावा भी आने लगा। देखते ही देखते वन भूमि पर दुकाने लगने से मेला लग गया।
जानकारी पर डीएफओ गौतम सिंह, एसडीएम श्रीराम यादव और सीओ कुलदीप कुमार ने मौके का निरीक्षण किया और तत्काल दरबार बंद कराने के निर्देश दिए थे। इस मामले के वन दरोगा ह्रदेश चंद ने थाना पूराकलां में दी तहरीर देकर में अवगत कराया कि आरोपियों ने वन भूमि में अतिक्रमण किया है। यह लोग अवैध धार्मिक गतिविधियों को विभिन्न माध्यमों से अफवाह फैलाने का कार्य कर रहे है।
पुलिस ने मुन्ना बाबा, कमला सहरिया, दिनेश लोधी, मनीराम गुप्ता, शिशुपाल राजपूत, शोभाराम लोधी, सोवरन लोधी, रामकिशन यादव, प्रान सिंह लोधी और राघवेंद्र और आठ अज्ञात पर मामला दर्ज किया। उधर, लोगों का आरोप है कि प्राथमिकी में कई रसूखदार लोगाें के नाम जानबूझकर वन विभाग द्वारा छोड़ दिए गए हैं।
