चित्रकूट/खोही । रन फार मंदाकिनी कंजर्वेशन मैराथन की 11 किमी की दौड़ में 297 धावकों ने प्रतिभाग किया। इसमें 92 बालिकाएं भी शामिल रहीं। मैराथन देवांगना घाट से मोकमगढ़ गांव मध्य प्रदेश तक हुई। सभी ने अविरल व स्वच्छ मंदाकिनी का संदेश दिया। इसमें सीनियर व जूनियर वर्ग के आधार पर विजेता बने। बालक वर्ग सीनियर में शैलेश कुशवाहा, बालिका सीनियर में पूजा पटेल विजेता बनीं।
रविवार को कामदगिरी मंदिर के संत मदन गोपाल दास ने देवांगना घाटी से हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। इसके बाद मोकमगढ़ गांव में पौधरोपण भी किया गया। उन्होंने कहा कि धर्मनगरी की जीवनदायिनी मां मंदाकिनी गंगा की कुशलता, अविरलता, निर्मलता व पावनता के लिए यह दौड़ आयोजित हुई है।विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
बालक समूह के सीनियर वर्ग में शैलेश कुशवाहा, बालिका समूह के सीनियर वर्ग में पूजा पटेल अव्वल रहीं। प्रदीप पाल, नंदिनी जाटव द्वितीय व अजय कुमार मनोजा देवी, हंसराज यादव तृतीय रहे। सुधीर कुमार, आकांक्षा देवी, मनीषा पटेल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इसी प्रकार बालक समूह के जूनियर वर्ग में छोटकू सेन प्रथम, रंजीत कुमार द्वितीय व जलज सिंह तृतीय स्थान पर रहे। अंकित राजपूत व सुनील कुमार को सांत्वना पुरस्कार मिला।
बालिका के जूनियर वर्ग में गंगा देवी प्रथम, रिंकी देवी द्वितीय व प्रतिभा सिंह को तीसरा स्थान मिला। लवली सिंह व स्वाति को सांत्वना पुरस्कार मिला। बालक एवं बालिका समूह के सीनियर व जूनियर वर्ग के चारों विजेताओं को 11-11 हजार की धनराशि का चेक, द्वितीय स्थान पर आने वालों को साढ़े सात-सात हजार, दौड़ में तृतीय स्थान पाने वाले विजेताओं को 51-51 सौ रुपये व सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को 11-11 सौ की धनराशि का चेक, मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री राधेश्याम नामदेव, जल योद्धा उमाशंकर पांडेय, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र, राजेश्वरी देवी, दिव्या त्रिपाठी, डॉ. जगन्नाथ पाठक, संतोष मिश्रा, रामबाबू गुप्ता, आलोक पांडेय, प्रदीप शुक्ला, ओमराज तिवारी व अर्चन आदि मौजूद रहे।
