बांदा। जिले की दो नगर पालिका और नगर पंचायतों में हुए निकाय चुनाव में इस बार सिर्फ 57.25 फीसदी वोट पड़े हैं। जो पिछली बार के निकाय चुनाव से 6.39 फीसदी कम है। ओरन नगर पंचायत में सबसे अधिक 75.74 फीसदी और सबसे कम वोटिंग बांदा शहर में 54.52 फीसदी हुई है।फिलहाल 41 डिग्री की तपिश के बीच वोटर घरों में दुबके रहे। जिन्हें निकालने में ना तो राजनीतिक दल कामयाब हुए न ही जिला प्रशासन की मतदान बढ़ाने की कावयदें खास असरदार साबित हुईं। इसके चलते मतदान का प्रतिशत कम हुआ।
जिले की दो नगर पालिका और छह नगर पंचायतों में गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। जो कि शाम छह बजे तक चला। शाम साढ़े सात बजे फाइनल आंकड़े जारी किए। इसमें बांदा जिले में कुल मतदान का प्रतिशत 57.25 फीसदी रहा है। जो पिछली बार से कम है। इसकी वजह तेज धूप और अधिकतर मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं के लिए छाया की व्यवस्था नहीं होने की चर्चा है। इस बार बांदा में 1,39,287 वोटरों में से 76010 लोगों ने वोट डाले, अतर्रा में 37677 में से 22117, मटौंध में 8875 में से 5481 ने, तिंदवारी में 10344 में से 7366 ने, बबेरू में 25808 में से 13345 ने, नरैनी में 14843 में से 9237 ने ओरन में 6010 में से 4552 ने , बिसंडा में 10926 में से 7280 मतदाताओं ने ही वोट डाले।
जनपद बांदा वोटिंग प्रतिशत
निकाय- 2017- 2023
बांदा- 59.77- 54.52
अतर्रा- 64.98- 58.70
मटौंध- 76.87- 61.74
तिंदवारी- 73.97- 71.16
बिसंडा- 71.55- 66.63
ओरन- 77.48- 75.74
बबेरू- 70.04- 51.67
नरैनी- 68.87- 62.21
