मुहम्मदाबाद (जालौन)। निजी भूमि पर पट्टे से ज्यादा जगह पर खनन की सूचना पर एसडीएम ने खनिज विभाग के अधिकारियों के साथ सिमरिया घाट पर दबिश दी। जांच में शिकायत सही मिली। टीम ने खनन कर रहे पांच ट्रकों का चालान कर दिया। साथ ही पट्टाधारक पर 55 लाख रुपये के जुर्माने की संस्तुति कर रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। इसके अलावा मिट्टी खनन में लगे ट्रैक्टरों को भी पकड़कर उन्हें मंडी चौकी में खड़ा कराया है
सदर एसडीएम व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार ने खनन अधिकारी राजेश कुमार, खनिज निरीक्षक आनंद कुमार के साथ सोमवार की रात सिमरिया घाट पर दबिश दी। वहां सुखसिंह के निजी पट्टे की जांच पड़ताल की। मौके पर निर्धारित क्षेत्र से ज्यादा जगह पर खनन होता मिला। नापजोख कराने पर करीब 5500 घन मीटर ज्यादा क्षेत्र में खनन होता मिला। इस पर उन्होंने पट्टा धारक पर करीब 55 लाख रुपये जुर्माने की संस्तुति के साथ डीएम को रिपोर्ट भेज दी है। इस दौरान पांच डंपर भी मिले, जिनमें मौरंग लदी थी और उनके पास एमएम 11 भी नहीं था। सभी ट्रक ओवरलोड थे। इस पर चालान कर दिया।
एसडीएम ने बताया कि इस पट्टे को छह माह के लिए तीन लोगों को दिया गया था। एक अक्तूबर से खनन भी शुरू हो गया है, लेकिन यहां अवैध खनन की सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि सिमरिया घाट से वापस लौटते समय रास्ते में मिट्टी लदे दो ओवरलोड ट्रैक्टर भी मिले। कागजात मांगने पर उनके चालक कागजात नहीं दिखा पाए। इस पर दोनों ट्रैक्टरों को मंडी चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि पट्टा संचालक अपने निर्धारित क्षेत्रों में ही खनन करें। शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
