अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पत्नी को गोली मारने वाले दरोगा को पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया है। वहीं पुलिस ने बंगरा में जाकर दरोगा के पड़ोसियों से घटना के बारे में जानकारी ली। वहीं मेडिकल कालेज में भर्ती शालिनी की हालत में सुधार है। हालांकि अभी उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं किया गया है। यहां बता दें कि सोमवार रात दरोगा शशांक मिश्र ने अपनी सर्विस रिवाल्वर से गर्भवती पत्नी शालिनी पर तीन गोलियां दाग दीं थीं। दाएं हाथ में दो गोली लगने से शालिनी गंभीर रूप से घायल हो गई। शालिनी के पिता अखिलेंद्र कुमार रावत ने नवाबाद थाने में दरोगा शशांक समेत उसकी मां ज्ञानदेवी, देवर शिवांक मिश्र, ननद दीपिका, गुड़िया, बहनोई उमाकांत त्रिपाठी एवं जय पाठक के खिलाफ आईपीसी की धारा 498 ए, 323, 506, 120-बी, 307 समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। अखिलेंद्र ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी इकलौती पुत्री की शादी में 40 लाख रुपये खर्च किए लेकिन, उसके बावजूद दहेज की मांग को लेकर शालिनी को परेशान किया जाता था। उन्होंने पुलिस अफसरों से भी शिकायत की। पंचायत के बाद शशांक ने दोबारा परेशान न करने का वायदा किया लेकिन, इसके बावजूद शशांक के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। रक्षाबंधन में मायके से लाकर शशांक ने अपने परिजनों के साथ मिलकर शालिनी की हत्या का प्लान बनाया। शशांक दूसरी शादी करना चाहता था। इसी वजह से शशांक ने शालिनी पर प्राणघातक हमला किया। पिता ने देवर पर शालिनी पर बुरी निगाह रखने का भी आरोप लगाया। पुलिस इन सभी आरोपों की छानबीन करने में जुटी है। मुकदमा दर्ज होने के बाद ही आरोपी शशांक को जेल भी भेज दिया गया।
