उरई। महिला कल्याण विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मड़ोरा के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बेटियों ने केक काटा। भाषण प्रतियोगिता, लघु नाटिका और गीत के माध्यम से बेटियों के सशक्तिकरण, शिक्षा और स्वावलंबन पर जोर दिया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन ने कहा कि बेटियां समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करें। बेटियां दो कुलों को रोशन करती है। उन्होंने कहा कि बेटियों के कल्याण के लिए महिला कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा कई अन्य योजनाएं चलाई जा रही हैं।
सखी वन स्टाप सेंटर की केंद्र प्रबंधक अंजना ने कहा कि यदि आपके घर परिवार में कोई महिला पीड़ित होती है तो उसे 181 महिला हेल्पलाइन की मदद लेकर तत्काल वन स्टॉप सेंटर आने के लिए कहें। संरक्षण अधिकारी जूली खातून ने कहा कि बेटियों के प्रति सकारात्मक बदलाव आया है। कार्यक्रम में बेहतर गायन के लिए रक्षा और साक्षी को मेडल देकर सम्मानित किया।
भाषण प्रतियोगिता में नलिनी व निशु को, सामूहिक नृत्य में जया, गौरी और इच्छा को प्रथम पुरस्कार दिया गया। मोनो एक्टिंग में पूनम, यीशु और प्रांजल ने गीत गाकर सबका दिल जीत लिया। इस दौरान गरिमा पाठक, वार्डन महिमा, अलकमा अख्तर, रागिनी, प्रवीणा, सर्वेश, अर्चना ,रचना कुशवाहा, पद्माकर,वीरसिंह, पूजा शर्मा, श्रद्धा गुप्ता, सुलेखा शर्मा, अंकुर त्रिपाठी ने प्रतिभाग किया।
