नरैनी। दहेज हत्या के मामले में एक माह बाद आरोपी ससुर व पति को पुलिस ने पिपरहरी गांव के पास से गिरफ्तार किया है।
चित्रकूट के खोही गांव निवासी भाई महेंद्र प्रताप वर्मा ने अपनी बहन की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर सात सितंबर को ससुराल के पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि उसकी बहन विद्या की शादी 23 जून 2018 को कोतवाली क्षेत्र के दशरथ पुरवा गांव निवासी देव कुमार के साथ हुई थी।
छह माह बाद से ही ससुर बाबू, पति देवकुमार, ननदोई राजेंद्र प्रसाद, ननद गुड़िया उर्फ माया व सरोज दहेज की मांग को लेकर आए दिन प्रताड़ित करती थीं। चार सितंबर को फोन पर बताया कि बहन ने फंदा लगा लिया है। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया था।
इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उधर, कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह गौर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय से जेल भेज दिया गया है।
