उरई। जिले भर के थानों में थाना दिवस का आयोजन हुआ। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को को सुना। थानों में दर्जनों शिकायतें आईं, लेकिन समाधान कुछ का ही हुआ। अधिकतर लोग निराश होकर लौटे।
माधौगढ़ कोतवाली परिसर में तहसीलदार वीरेंद्र कुमार गुप्ता ने शिकायतों को सुना। इसमें तीन शिकायतों में एक का समाधान हो पाया। कालपी कोतवाली में तहसीलदार शेर बहादुर सिंह एवं नायब तहसीलदार नीलमणि सिंह ने आठ समस्याओं को सुना। पांच का मौके पर निस्तारण हुआ। साथ ही कोंच कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र कुमार पाठक ने चार में एक शिकायत का निस्तारण करवाया। राजस्व से जुड़ी तीन समस्याओं के समाधान के लिए टीमें बनाई गई हैं।
कैलिया में थानाध्यक्ष संजय कुमार ने समस्याएं सुनीं जिसमें चार शिकायतों में एक हल हो पाई। नदीगांव थाने में तहसीलदार अभिनव तिवारी की अध्यक्षता में तीन शिकायतों में एक का मौके पर निस्तारण हो पाया। जालौन कोतवाली में तहसीलदार एसके मिश्रा और कोतवाल विमलेश कुमार ने दस फरियादियों की अवैध कब्जा, मारपीट, अतिक्रमण आदि की शिकायतें सुनीं। जिसमें दो का समाधान करवा दिया।
