पुलिस की टीमें गहनता से जांच करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मुनीम के साथ बाइक सवार दो बदमाशों के 4.27 लाख रुपयों से भरा बैग लूट लेने की घटना पर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की। सीसीटीवी कैमरे फुटेज देखने और प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस का घटना को लेकर शक गहरा गया है। पुलिस अब घटना की तह तक जाने के लिए गहनता से जांच करने में जुट गई है। उक्त घटना को लेकर की जा रही जांच की मॉनीटरिंग पुलिस अधीक्षक स्वयं कर रहे है।
गुड-शक्कर व्यापारी पदमचंद्र जैन के मुुनीम के साथ लूट की घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक सहित अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। यहां मुनीम से एसपी ने घटना के बारे में जानकारी की। इसके साथ सड़क किनारे स्थित शोरूम और दुकानाें के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में जुट गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार सीसीटीवी कैमरे को देखने के बाद मुनीम के साथ हुई लूट की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। इसका कारण बताया जा रहा है कि लूट होने के बाद बदमाशों का छोटी नहर तक पीछा करने की जांच जब रास्ते में पड़ने वाले दुकान व शोरूम के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा तो उसमें मुनीम के दिखाई न देने और मुनीम द्वारा बदमाशों की बाइक को न पहचान पाने का दावा पुलिस के द्वारा किया जा रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि पीछा करने के दौरान आंखों पर फेंकी गई मिर्च का असर मुनीम की आंखों पर बिल्कुल भी दिखाई नहीं दे रहा है। इन सब कारणों को देखते हुए पुलिस इस घटना को संदिग्ध मान रही है। लेकिन पुलिस गहनता से जांच करते हुए इस मामले की तह तक जाने में जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि घटना को लेकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने और मुनीम से की गई प्रारंभिक पूछताछ में अंतर मिला। जिसे देखते हुए घटना प्रारंभिक जांच में संदिग्ध प्रतीत हो रही है। बाबजूद इसके मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की तह तक जाएगी और घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
