Spread the love


उरई। शक्ति उपासना का पर्व शारदीय नवरात्र रविवार से माता के कलश स्थापना के साथ शुरू हो गया। पहले दिन भक्तों ने देवी के शैलपुत्री स्वरूप की विधि विधान से पूजा अर्चना की। भक्तों का देवी मंदिरों में सुबह से ही आने का तांता लग गया। घरों पर भी लोगों ने घट रखकर नौ दिन के पाठ का प्रारंभ किया। देवी मंदिरों मे जलाभिषेक व दर्शनों के लिए भारी भीड़ उमड़ी।

सुबह से ही मां शैलपुत्री के दर्शनों के लिए भक्तों की कतारें लग गईं और भक्तों ने मां के जलाभिषेक के साथ पूजा अर्चना की। गृहस्थों ने अपने घरों मे कलश स्थापना कर दुर्गा सप्तसती व रामायण के पाठ की शुरुआत की। इन दिनों भक्त अपनी माता को मनाने के लिए नौ दिन का व्रत रखते हैं। ऐसे मे भक्त फलाहार करके व्रत को पूरा करते है। नगर में बडी माता मंदिर, संकटा मंदिर, हुल्की माता मंदिर, शीतला माता मंदिर, काली माता मंदिर आदि मंदिरों पर सुबह से ही भीड़ रही। बैरागढ़ की शारदा मैया और कालपी की वनखंडी देवी मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा।

तड़के ही मंदिरों में पहुंच गए भक्त

जालौन। नगर के प्राचीन व प्रमुख देवी मंदिर छोटी माता मंदिर, बड़ी माता मंदिर, छठी माता मंदिर व ग्रामीण क्षेत्र के कामांक्षा माता मंदिर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन भक्तों का सुबह से तांता लगा रहा। महिलाएं, बच्चे तथा पुरुष सभी लोग मंदिरों में सुबह चार बजे से मंदिर पहुंचने लगे थे। माता के चरणों में जल, सिंदूर, रोली, चावल, पुष्प, मिष्ठान अर्पित कर माता का ध्यान किया। मंदिरों तथा नगर व ग्रामीण क्षेत्र में बने 51 दुर्गा पंडालों में विराजित मां के विभिन्न रूपों की झांकियों के दर्शन किए तथा शीश झुकाकर माता का आशीर्वाद लिया। दुर्गा पंडालों तथा मंदिरों में होने वाली सुबह शाम की आरती में भक्तों की भीड़ जुट रही है।

सराफा बाजार में स्थापित की रौद्रमुख की प्रतिमा

कोंच। नगर के प्रमुख मंदिरों मां सिंहवाहिनी, बड़ी माता, नारायणपुरी, धनुताल स्थित मां काली, बोदरी माता, शीतला माता आदि मंदिरों में बड़े भोर से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया। जागरण मंच के अनुष्ठान आचार्य पं. विनोद दुबे के निर्देशन में संपादित हो रहे हैं। मंच के कार्यकर्ता भक्तिभाव से मैया की सेवा पूजा कर रहे हैं। सराफा बाजार में मां काली की रौद्रमुख प्रतिमा स्थापित की गई है। नगर पालिका कार्यालय के पास मां अन्नपूर्णा, चंदकुआ पर मां सिंहवाहिनी, मार्कंडेयश्वर मंदिर पर मां गौरी सहित तमाम जागरण पंडालों में मैया की धूम मची है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *