बांदा। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी की जांच में डेंगू के छह और मरीज मिले हैं। इनमें पांच को भर्ती कराया गया है। सोमवार को पैथोलॉजी में डेंगू जांच के 32 सैंपल लगाए गए। यहां रजिस्ट्रेशन कराने वालों की लंबी लाइन लगी रही। महज एक रुपये के पर्चे में एलाइजा से डेंगू की जांच की जा रही है। अब तक डेंगू मरीजों की संख्या 194 पहुंच चुकी है।
जिला अस्पताल में सोमवार को अतर्रा के तुर्रा गांव निवासी रामखिलावन (70), बलखंडी नाका निवासी राहुल (18), गुरेह गांव निवासी दीपक (24), कटरा मोहल्ला निवासी अमर (22), किरन कॉलेज कटरा निवासी सोनम (16), चौक बाजार निवासी मीनाक्षी चौरसिया (20) को जांच में डेंगू होने की पुष्टि की गई है। इनमें अमर को छोड़कर शेष सभी मरीजों को मंडलीय चिकित्सालय में डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है। पैथोलॉजी में सोमवार को विभिन्न रोगों से संबंधित 275 मरीजों की जांच की गई।
उधर, जिला अस्पताल की ओपीडी में 1500 से ज्यादा मरीजों ने रजिस्ट्रेशन कराया। ओपीडी में फिजिशियन व बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष में मरीजों की भीड़ लगी रही। एक फिजिशियन डॉक्टर की ओपीडी 100 मरीजों की रही। इनमें 70 मरीज डेंगू लक्षण और वायरल फीवर के रहे।
