– नगर निगम ने ठेकेदार पर लगाया जुर्माना, गरियागांव में बने नए मार्ग का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। गरियागांव में तीन दिन में ही सड़क उखड़ जाने पर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता का अक्तूबर का वेतन रोक दिया गया है। साथ ही ठेकेदार पर भी 20 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है।
शासन ने महानगर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। मगर इस अभियान की पोल वार्ड 15 गरियागांव में बनी सड़क ने खोल दी। शिकायत मिलने पर मुख्य अभियंता एसके सिंह ने वार्ड 15 गरियागांव में बनी सड़क का निरीक्षण किया था। इस सड़क को मेसर्स बद्री प्रसाद मुदगिल द्वारा बनवाया गया है। इसमें पाया गया कि फर्म द्वारा मानक से कम डस्ट डाली गई है। इस कारण सड़क की टॉप लेयर जगह-जगह से उखड़ने लगी है। सड़क की मोटाई भी मानक के अनुरूप नहीं मिली। इस पर मुख्य अभियंता ने फर्म को दो दिन में सड़क पर मानक अनुरूप कार्य करने के लिए नोटिस जारी किया। कार्य में लापरवाही पर 20 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। यदि कार्य संतोषजनक पूरा नहीं कराया जाता है तो ठेकेदार/फर्म के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अधिशासी अभियंता नीना सिंह, सहायक अभियंता अगम कटियार, अवर अभियंता देवीलाल शर्मा का अक्तूबर का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया है।
