संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
Updated Tue, 17 Oct 2023 11:59 PM IST
उरई। शहर भर में सड़क किनारे बिल्डिंग मैटेरियल डालकर अवैध कब्जा किए हुए दुकानदारों के खिलाफ पालिका कार्रवाई कर रही है। इसके लिए अभियान की शुरूआत की गई है। जिसमें जुर्माना के साथ जब्ती की कार्रवाई होगी। पहले दिन तीन लोगों पर जुर्माना के साथ अन्य लोगों को 24 घंटे की चेतावनी दी गई है।
नगर पालिका ने अभियान की शुरूआत पुलिस लाइन से लेकर उरई विकास प्राधिकरण ( ओडीए) कार्यालय तक की। सड़क किनारे बालू,गिट्टी,गुम्मा के डंप लगाए हुए तीन लोगों पर 15 हजार का जुर्माना लगाया गया। साथ ही मौके से सभी सामान को हटवाया भी गया। 24 लोगों को बालू,गिट्टी के साथ अन्य सामान डालकर अतिक्रमण किया गया था। जिनको 24 घंटे के अंदर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है। अगर अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो उनके खिलाफ जुर्माना के साथ जब्ती की भी कार्रवाई होगी। नगर पालिका ईओ विमलापति ने बताया कि अतिक्रमण को लेकर लगातार अभियान चलना है। मंगलवार को कुछ अतिक्रमण हटवा दिया गया है। बाकि लोगों को चेतावनी दी गई थी। जिन पर आज फिर से कार्रवाई होगी। उसके बाद शहर के दूसरे चौराहों पर अभियान चलेगा। मौके पर नायब तहसीलदार सुधीर कुमार, कर अधीक्षक गणेश प्रसाद व पुलिस बल मौजूद रहा।
