अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नवाबाद के तालपुरा मोहल्ले में युवक ने जहर खाकर जान दे दी। दो दिन पहले उसके साथ लिव इन रिलेशन में रहने वाली प्रेमिका घर से सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गई थी। इससे युवक काफी दुखी था। सोमवार रात उसने जहर निगल लिया। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। यहां मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
कांशीराम कॉलोनी निवासी चंदन वर्मा (32) पुत्र कमल वर्मा ऑटो चलाता था। उसने शादी नहीं की थी। पिछले दो साल से राखी कुशवाहा नाम की महिला के साथ लिव इन रिलेशन में रहता था। परिजनों का कहना है कि राखी के कहने पर कुछ दिनों पहले ही उसने तालपुरा में किराया का कमरा लिया था। रविवार को चंदन ने अपनी बहन वंदना को फोन करके बताया कि राखी घर में रखे सारे जेवरात लेकर चली गई है। उसका कहीं पता नहीं चल रहा है। चंदन ने उसकी सब जगह तलाश कराई लेकिन, वह कहीं नहीं मिली। राखी के जाने से चंदन दुखी रहने लगा। सोमवार शाम घर में उसने जहर निगल लिया। देर-रात परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। चंदन तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था।
